नैला दुर्गा पूजा पंडाल में विधिक सेवा शिविर: दर्शनार्थियों को मिल रही निःशुल्क कानूनी सलाह और योजनाओं की जानकारी...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
नैला (जांजगीर-चांपा): छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध नैला दुर्गा पूजा उत्सव में आस्था के जनसैलाब के बीच श्रद्धालुओं को उनके कानूनी अधिकारों और शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करने की विशेष पहल की जा रही है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर) के निर्देश तथा प्राधिकरण सचिव के मार्गदर्शन में उत्सव स्थल पर 14 अक्टूबर से 'निःशुल्क विधिक सलाह एवं सहायता केंद्र' का स्टॉल संचालित है।

इस स्टॉल पर प्रतिधारक अधिवक्ता परमेश्वर कुमार राठौर और अधिकार मित्र लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल व सुशील कुमार सूर्यवंशी द्वारा दर्शन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को कानूनी जानकारी और परामर्श दिया जा रहा है।

शिविर के माध्यम से आमजन को विधिक सेवा अधिनियम के उद्देश्यों और निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की पात्रता की विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही साइबर अपराध से बचाव, सामुदायिक मध्यस्थता और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया जा रहा है।

जागरूकता अभियान के तहत मुख्य रूप से:
आपदा व एसिड अटैक पीड़ितों के अधिकार
मानव तस्करी और यौन शोषण से बचाव
असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए योजनाएं
बच्चों के लिए बाल-हितैषी विधिक सेवाएं एवं मानसिक रूप से अक्षम व्यक्तियों के अधिकार
जनजातीय समुदाय के कानूनी अधिकार और मानव-वन्यजीव संघर्ष पीड़ितों को राहत
विशेष योजनाएं जैसे संवाद, डॉन, जागृति, वीर परिवार सहायता, स्पहा, आशा, शिक्षा, हमर अंगना, प्रयास, उम्मीद और आसरा

स्टॉल पर उपस्थित दल द्वारा नालसा के राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 15100 के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ मोटरयान अधिनियम, घरेलू हिंसा संरक्षण कानून, आपराधिक मामलों में महिलाओं के विशेष अधिकार और गिरफ्तारी व हिरासत के दौरान नागरिकों के अधिकारों से संबंधित पम्फलेट व पुस्तिकाएं (बुकलेट) भी वितरित की जा रही हैं।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments