छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल पर प्रशासन सख्त, दो दिन में काम पर लौटने का फरमान...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए पटवारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए हड़ताली कर्मचारियों को दो दिन के भीतर ड्यूटी ज्वाइन करने का अंतिम अल्टीमेटम दिया है। तय समय सीमा में काम पर वापस नहीं लौटने पर एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई और सर्विस ब्रेक जैसी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
धान खरीदी और किसानों के काम प्रभावित
जिले के विभिन्न तहसीलों में पिछले कुछ हफ्तों से पटवारी काम-काज छोड़कर धरने पर बैठे हैं। इसके चलते आम जनता और किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण राजस्व कार्य ठप पड़ गए हैं। धान खरीदी से ठीक पहले किसानों का पंजीयन, डिजिटल फसल सर्वे, एग्रीस्टैक प्रमाणीकरण और गिरदावरी जैसे जरूरी काम बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा खराब मौसम से फसल को हुए नुकसान का सर्वे समय पर पूरा न होने से किसानों को मुआवजा मिलने में भी देरी की आशंका है।
आम नागरिकों को भी हो रही परेशानी -
सिर्फ कृषि कार्य ही नहीं, बल्कि तहसील कार्यालयों में होने वाले नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और आय, जाति व निवास प्रमाण पत्रों से जुड़े सत्यापन कार्य भी अटक गए हैं। इससे आम नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
प्रशासन और संघ का रुख -
प्रशासन का कहना है कि बिना पूर्व अनुमति के इस तरह कार्य बहिष्कार करना सिविल सेवा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। वहीं, पटवारी संघ का साफ कहना है कि जब तक उनकी पुरानी और जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका यह आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। अब देखना यह होगा कि प्रशासन के इस कड़े नोटिस के बाद हड़ताली कर्मचारी काम पर लौटते हैं या टकराव और बढ़ेगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments