बेमेतरा में सक्रिय था अंतरजिला डीजल चोर गिरोह, नौ शातिर गिरफ्तार....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुलिस ने वाहन चालकों की नींद उड़ाने वाले एक बड़े अंतरजिला डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। हाईवे किनारे और पेट्रोल पंपों पर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाने वाले इस गिरोह के नौ शातिर सदस्यों को दबोचा गया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चोरी का डीजल, दो लग्जरी वाहन और नकदी बरामद की गई है, जिसकी कुल कीमत करीब 36 लाख रुपये आंकी गई है।
हाईवे पर खड़े ट्रकों को बनाते थे निशाना -
यह कार्रवाई नांदघाट थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की शिकायत के बाद शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के सिवनी निवासी एक कंटेनर चालक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह नागपुर से सामान लेकर झारखंड जा रहा था। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास उसने और अन्य चालकों ने अपने ट्रक पार्क किए थे। रात के समय चोरों ने ट्रकों के ढक्कन तोड़कर उनमें से सैकड़ों लीटर डीजल चुरा लिया। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी जांच तेज कर दी थी।
फर्जी नंबर प्लेट और हाई-टेक तरीके से वारदात -
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी आपस में मोबाइल से संपर्क में रहते थे और वारदात के लिए दो स्कॉर्पियो गाड़ियों का उपयोग करते थे। पुलिस पकड़ से बचने के लिए ये लोग वाहनों पर फर्जी और बदली हुई नंबर प्लेट लगाते थे। लोहे की रॉड से टंकी के ताले तोड़कर पाइप की मदद से कुछ ही मिनटों में डीजल निकालकर फरार हो जाते थे। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने बेमेतरा के अलावा बिलासपुर, मुंगेली और जांजगीर-चांपा जिलों में भी कई ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस की विशेष टीम ने बिछाया जाल -
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में नांदघाट, कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर नौ संदिग्धों को धर दबोचा। आरोपियों की पहचान निखिलदास, सूरज कुर्रे, मनीष कुमार जांगड़े, संजीत कुमार अनंत, जयकरण खुंटे, शुभम जांगड़े, उपेन्द्र यादव, रेशम यादव और राजेश कोयल के रूप में हुई है, जो सभी जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले हैं।
जब्ती और आगे की कार्रवाई -
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो सफेद स्कॉर्पियो गाड़ियां, 504 लीटर चोरी का डीजल, डीजल बिक्री से मिले डेढ़ लाख रुपये से अधिक नकद, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। कुल जब्ती का मूल्य 36 लाख रुपये से ज्यादा है। सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब अन्य जिलों में हुई ऐसी ही पुरानी वारदातों का रिकॉर्ड खंगाल रही है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments