गरियाबंद में अवैध हीरे की तस्करी का भंडाफोड़: बाइक सवार 3 तस्कर गिरफ्तार, 8 नग बहुमूल्य हीरे जब्त.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
गरियाबंद: जिले की छुरा पुलिस ने अवैध हीरा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर आरोपियों के पास से 8 नग बहुमूल्य हीरे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है। इस पूरी कार्रवाई में हीरे, एक पल्सर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन समेत कुल 1 लाख 83 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई -
गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 22 सितंबर 2026 को छुरा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पल्सर बाइक (CG 04 QH 5325) पर तीन व्यक्ति रसेला-खरखरा मार्ग से अवैध रूप से हीरों का परिवहन कर रहे हैं। इस सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रसेला-खरखरा मार्ग स्थित देवरी धामनडीह तिराहा मोड़ के पास नाकाबंदी कर बाइक सवारों को धर दबोचा।
आरोपियों की पहचान और जब्ती -
पूछताछ और तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों की जेबों से अलग-अलग मात्रा में कागज में लिपटे हुए हीरे और मोबाइल फोन बरामद हुए : -
लिलेश्वर नायक (26 वर्ष, निवासी- मेड़की डबरी, छुरा): जींस की जेब से 3 नग हीरे और एक ओप्पो मोबाइल।
हेमकुमार यादव (65 वर्ष, निवासी- सड़क परसुली, गरियाबंद): शर्ट की जेब से 3 नग हीरे और एक लावा मोबाइल।
पुरण नायक (33 वर्ष, निवासी- मेड़की डबरी, छुरा): शर्ट की जेब से 2 नग हीरे और एक वीवो मोबाइल।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी -
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 80 हजार रुपये के 8 नग हीरे, 90 हजार रुपये की पल्सर बाइक और 13 हजार रुपये के तीन मोबाइल जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 303(2), 3(5) और माइनिंग एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments