कंटेनर में आग लगने से हाईवे पर मची अफरा-तफरी...
- ANIS LALA DANI

- 1 hour ago
- 1 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
जबलपुर :- मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से जबलपुर की ओर आ रहा एक कंटेनर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बंजारी घाटी के समीप अचानक आग की चपेट में आ गया। वाहन में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कंटेनर को सड़क किनारे रोका और तत्काल नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर काले धुएं का गुबार छा गया। जलते कंटेनर को देखकर हाईवे से गुजर रहे यात्रियों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटों के बीच कंटेनर से दो जोरदार धमाकों जैसी आवाजें भी सुनाई दीं।
इससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए और सुरक्षित दूरी पर चले गए। गनीमत रही कि हादसे के समय कंटेनर के आसपास कोई अन्य वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त कंटेनर को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। हादसे में कंटेनर को भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
जलते वाहन और लोगों की भीड़ के कारण हाईवे की एक लेन बंद हो गई, जिससे मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और सैकड़ों यात्री प्रभावित हुए। प्रारंभिक जांच में इंजन में तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जा रही है।




.jpg)










