रोमांचक हॉकी मुकाबला: जसकरण के 5 गोल के बावजूद बैलाडीला और संस्कारधानी का मैच ड्रॉ...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर | छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में खेले गए एक बेहद रोमांचक मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के बीच भिड़ंत 5-5 की बराबरी पर छूटी। बैलाडीला के खिलाड़ी जसकरण सिंह ने शानदार खेल दिखाते हुए अकेले पांच गोल दागे, फिर भी उनकी टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। इस मुकाबले के साथ ही संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने टूर्नामेंट में अपना खाता खोलते हुए पहला अंक हासिल कर लिया है।

मैच के पहले हाफ में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का पलड़ा भारी रहा। आर्यन खेस और आशीष तानी पूर्ति ने बेहतरीन गोल कर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। हालांकि, दूसरे हाफ में खेल का पूरा पासा पलट गया। जसकरण सिंह ने आक्रामक प्रदर्शन करते हुए पेनल्टी कॉर्नर और पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला और अपनी शानदार हैट्रिक पूरी की।

खेल के अंतिम मिनटों में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया था। मैच खत्म होने से पांच मिनट पहले स्कोर 4-4 पर था, तभी जसकरण ने एक शानदार टॉमहॉक शॉट से अपना पांचवां गोल कर बैलाडीला बुल्स को 5-4 से आगे कर दिया। ऐसा लगा कि टीम मैच जीत जाएगी, लेकिन संस्कारधानी ने हार नहीं मानी और आखिरी दो मिनट शेष रहते पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर स्कोर 5-5 से बराबर कर दिया।

इस रोमांचक ड्रॉ के बाद बैलाडीला बुल्स दो अंकों के साथ चौथे और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स एक अंक के साथ पांचवें पायदान पर है। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जसकरण सिंह को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार दिया गया।








.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments