बिलाईगढ़ BEO दफ्तर की लापरवाही से 1300 शिक्षकों के सर्विस रिकॉर्ड खतरे मे...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
बिलाईगढ़ (सारंगढ़-बिलाईगढ़): राज्य में प्रशासनिक कसावट और सुशासन के दावों के बीच बिलाईगढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की कार्यशैली व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगा रही है। कार्यालय की उदासीनता के कारण यहाँ तैनात 1300 शिक्षकों का भविष्य भगवान भरोसे नजर आ रहा है।
दफ्तर की खस्ताहाल स्थिति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी ने कर्मचारियों और शिक्षकों की नींद उड़ा दी है।
खुली खिड़कियों और झाड़ियों के बीच रामभरोसे रिकॉर्ड
कार्यालय में लापरवाही का आलम यह है कि बंद होने के बाद भी कई खिड़कियां खुली रहती हैं। इन्हीं खुली खिड़कियों के पास 1300 शिक्षकों की सर्विस बुक और महत्वपूर्ण सेवा रिकॉर्ड का अंबार लगा हुआ है। हालात इतने बदतर हैं कि खिड़कियों से सटी बड़ी-बड़ी झाड़ियां दफ्तर के अंदर झांक रही हैं, वहीं परिसर में जहरीले सांप-बिच्छू और कीड़े-मकोड़ों का खतरा हमेशा बना रहता है।
स्थानीय जानकारों का कहना है कि यदि समय रहते इन फाइलों को सुरक्षित नहीं किया गया, तो चूहों, दीमक या किसी अनहोनी दुर्घटना के चलते शिक्षकों के जीवन भर की कमाई और नौकरी के दस्तावेज पलभर में राख हो सकते हैं।
गायब सर्विस बुक और अधिकारियों की मनमानी के आरोप -
विश्वस्त सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाएं कार्यालय से गायब होने की भी चर्चा है, जिससे संबंधित शिक्षक खासे परेशान हैं। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी कार्यालयीन समय पर नदारद रहते हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले शिक्षकों और आम नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए चक्कर काटने पड़ते हैं।
इसके अलावा, प्रशासनिक नियमों को ताक पर रखकर एक ही स्थान पर लंबी समयावधि से जमे रहने के मामले ने भी विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तत्काल सुधार की उठी मांग -
क्षेत्र के शिक्षकों और जागरूक नागरिकों ने उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। मांग की जा रही है कि:
सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों और सर्विस बुक्स को तुरंत सुरक्षित और बंद अलमारियों में शिफ्ट किया जाए।
कार्यालय परिसर की साफ-सफाई करवाकर झाड़ियों और जहरीले जीवों के खतरे से मुक्ति दिलाई जाए।
व्यवस्था में सुधार लाते हुए लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अमले पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि शिक्षकों के भविष्य से खिलवाड़ न हो सके।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments