बलौदाबाजार में 3 आदतन अपराधियों पर जिला बदर की कार्रवाई..
- ANIS LALA DANI

- 18 hours ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
बलौदाबाजार :- बलौदाबाजार जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने तीन आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की है। पुलिस प्रशासन से प्राप्त जांच रिपोर्ट और वर्तमान कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 3 एवं 5(ख) के तहत तीनों आरोपियों को एक वर्ष के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए हैं। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जिला बदर किए गए आरोपियों में थाना पलारी क्षेत्र के नगर पंचायत पलारी निवासी शिवम उर्फ कथरी वर्मा पिता हेमलाल वर्मा, थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार क्षेत्र के ग्राम करहीबाजार निवासी राहुल कुमार अंजान पिता अशोक अंजान और सिटी कोतवाली क्षेत्र की
पुरानी बस्ती बलौदाबाजार निवासी विकास जोशी पिता राजकुमार जोशी शामिल हैं। प्रशासन ने इन तीनों के खिलाफ पुलिस की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की है। जिला प्रशासन के मुताबिक, लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का उद्देश्य जिले में शांति और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। जिला बदर की कार्रवाई के बाद संबंधित व्यक्तियों के जिले में प्रवेश पर निर्धारित अवधि तक पूरी तरह रोक रहेगी।
24 घंटे के भीतर जिला छोड़ने का आदेश कलेक्टर के आदेश के तहत तीनों जिला बदर आरोपियों को आदेश पारित होने के 24 घंटे के भीतर बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की सीमा से बाहर जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उन्हें एक वर्ष की अवधि तक जिले में वापस प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। इतना ही नहीं, जिला बदर की अवधि के दौरान आरोपी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से लगे सीमावर्ती जिलों की सीमाओं में भी प्रवेश नहीं कर सकेंगे। आदेश में बिलासपुर, रायपुर, रायगढ़, महासमुंद, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, बेमेतरा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों को शामिल किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध आदेश जारी होने के बाद निर्धारित एक वर्ष की अवधि तक प्रभावी रहेगा। जिला बदर की कार्रवाई के माध्यम से ऐसे लोगों पर नियंत्रण रखने का प्रयास किया जा रहा है, जिनकी गतिविधियों से क्षेत्र की कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर जैसी कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम माना जाता है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों में भी पुलिस को आदेश के पालन और आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार आगे भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा सकती है। तीनों आरोपियों को अब आदेश की शर्तों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में बलौदाबाजार-भाटापारा और संबंधित सीमावर्ती जिलों की सीमा से बाहर जाना होगा।




.jpg)











Comments