कवर्धा के आंगनबाड़ी पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, बच्चों को लिया गोद में, 'आंगन मिलन सेवा' का किया शुभारंभ...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर/कवर्धा: कबीरधाम जिले के कवर्धा स्थित दर्रीपारा आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा बच्चों और महिलाओं के बीच पहुंचे, जहां बच्चों की मासूमियत ने उनका दिल जीत लिया।
नन्हे हाथों में फूल और चित्रकारी देख गदगद हुए उप मुख्यमंत्री -
कार्यक्रम के दौरान जब दो-तीन साल के नन्हे बच्चे फूल लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के स्वागत के लिए आगे बढ़े, तो माहौल में एक सहज अपनापन दिखाई दिया। किसी बच्चे के हाथ में फूल था, तो किसी के हाथ में अपनी बनाई हुई चित्रकारी। बच्चों ने बड़ी मासूमियत से उप मुख्यमंत्री को फूल भेंट किए। विजय शर्मा भी बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ ऐसे घुल-मिल गए, जैसे परिवार के किसी बड़े के साथ बच्चे सहज होकर बातें करते हैं। उन्होंने बच्चों को गोद में उठाया, उनसे बातचीत की, तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें खिलौने व चॉकलेट भी भेंट किए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आकर बिल्कुल घर जैसा माहौल महसूस हो रहा है।
नन्हे हाथों की चित्रकारी में दिखी बड़ी सोच -
बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकारी ने उप मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान खींचा। नन्हे हाथों से बनाए गए चित्रों को देखकर उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की। एक बच्चे द्वारा सैनिक, भगवान शंकर और तिरंगे से जुड़े चित्र बनाए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चे ने जिस तरह अपने विचार को चित्र के माध्यम से व्यक्त किया है, वह बहुत बड़ी बात है। बच्चों की चित्रकारी को देखते हुए उप मुख्यमंत्री को अपना बचपन भी याद आ गया।
माताओं के हाथों में आई राशि से संवर रहा बेटियों का भविष्य -
उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में ‘महतारी वंदन योजना’ की राशि के उपयोग के बारे में भी जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि वे योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग अपनी बेटियों के भविष्य के लिए ‘सुकन्या समृद्धि योजना’, ‘नोनी सुरक्षा योजना’ सहित अन्य जरूरतों में कर रही हैं। इस पर विजय शर्मा ने कहा कि जब माताओं के हाथ में राशि पहुंचती है, तो उसका सदुपयोग ही होता है। यह इस बात का सीधा उदाहरण है कि महिलाओं को मिली आर्थिक सहायता परिवार के भविष्य को मजबूत करने में कितनी उपयोगी साबित हो रही है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान -
कार्यक्रम में बच्चों के लिए चित्रकला तथा महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी और पारंपरिक व्यंजन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उप मुख्यमंत्री ने इन प्रदर्शनियों का अवलोकन कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महतारी वंदन योजना की राशि का बेहतर उपयोग करने वाली माताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान लाभार्थी लक्ष्मी साहू और नंद रानी साहू ने योजना से मिले सहयोग के अपने अनुभव भी साझा किए।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)









Comments