एशिया कप विजेता गीता यादव से मिले उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
कवर्धा/रायपुर: कबीरधाम जिले की बेटी और जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की प्रमुख खिलाड़ी गीता यादव ने अपने गृह जिले के दौरे के दौरान कवर्धा निवास कार्यालय में उप मुख्यमंत्री तथा स्थानीय विधायक विजय शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान डिप्टी सीएम ने गीता को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्मजोशी से बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रतिभावान बेटी ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
मुलाकात के दौरान दोनों के बीच हल्के-फुल्के माहौल में चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने गीता से उनकी खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय मैचों के अनुभव, कड़े प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में विस्तार से बातचीत की। साथ ही, क्षेत्र में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और युवा प्रतिभाओं को तराशने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

चीन के मैदान पर लहराया था भारत का परचम -
मूल रूप से कबीरधाम जिले के बोड़ला क्षेत्र की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी शहर में आयोजित प्रतिष्ठित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन किया था। 13 सितंबर को खेले गए रोमांचक खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से शिकस्त देकर टूर्नामेंट अपने नाम किया था। इस खिताबी जीत के साथ ही भारत ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का ताज अपने नाम किया और आगामी एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी धमाकेदार अंदाज में क्वालीफाई किया।
टूर्नामेंट में एक बेहतरीन मिडफील्डर की भूमिका निभाते हुए गीता ने अपनी आक्रामक और अनुशासित खेल शैली से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान कुल चार गोल दागे। मलेशिया के खिलाफ भारत की 11-1 की विशाल जीत में उन्होंने दो गोल किए, जबकि जापान के विरुद्ध 7-0 की आसान जीत में भी गीता के स्टिक से दो महत्वपूर्ण गोल निकले।
सामान्य परिवार से निकलकर आसमान छूने तक का सफर -
एक साधारण किसान परिवार की पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाली गीता का यह मुकाम संघर्ष, अनुशासन और अटूट मेहनत की मिसाल है। उन्होंने हॉकी के शुरुआती गुर कोच शिवा चौहान के मार्गदर्शन में सीखे। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित 'खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को और अधिक परिपक्व बनाया। अपने शानदार प्रदर्शन के बूते वे राष्ट्रीय शिविर तक पहुंचीं और बाद में प्रतिष्ठित 'टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम' (TOPS) का हिस्सा बनीं। वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम के दौरों से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज करने वाली गीता इसके बाद अर्जेंटीना, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के अंतरराष्ट्रीय दौरों पर भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
युवा पीढ़ी और बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत -
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गीता की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि कवर्धा और पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं, विशेषकर खेल जगत में करियर बनाने का सपना देख रही बालिकाओं के लिए एक मजबूत प्रेरणा है। मुलाकात के अंत में गीता ने अपनी खेल यात्रा के संघर्ष और अनुभव साझा किए, जिस पर डिप्टी सीएम ने उन्हें भविष्य के सभी टूर्नामेंट्स में इसी तरह देश का झंडा बुलंद रखने के लिए आशीर्वाद दिया।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments