CM ने की वन विभाग कर्मचारियों की तारीफ, हाथियों को बचाने के लिए थमी राजधानी एक्सप्रेस...
- ANIS LALA DANI

- 1 day ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
नई दिल्ली :- असम के होजाई जिले में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया | रेलवे ट्रैक पर हाथियों का एक बड़ा झुंड पहुंच गया और उसी वक्त डाउन राजधानी एक्सप्रेस भी वहां से गुजरने वाली थी | वन विभाग के कर्मचारियों की नजर समय रहते हाथियों पर पड़ गई | उन्होंने तुरंत ट्रेन के लोको पायलट और लुमडिंग रेलवे कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी | इसके बाद राजधानी एक्सप्रेस को रोक दिया गया |
यह घटना होजाई के हवाइपुर इलाके में हुई, जो लंका रेंज और नगांव साउथ डिवीजन के तहत आता है | हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था | वनकर्मियों की सतर्कता और रेलवे के साथ तुरंत तालमेल की वजह से ट्रेन को समय रहते रोक लिया गया | हाथियों के सुरक्षित तरीके से ट्रैक पार करने के बाद ट्रेन को फिर आगे रवाना कर दिया गया | सामने आए वीडियो में वन विभाग के कर्मचारी रेलवे ट्रैक के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं |
वे ट्रेन को रुकने का इशारा करते हैं, जबकि दूसरी तरफ हाथियों का झुंड ट्रैक पार करता नजर आता है | असम के वन मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने भी इस घटना का वीडियो शेयर किया | उन्होंने बताया कि डाउन राजधानी एक्सप्रेस को हवाइपुर में किलोमीटर 167/8 के पास रोका गया था, ताकि हाथियों का झुंड सुरक्षित तरीके से ट्रैक पार कर सके | उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों, लोको पायलट और लुमडिंग रेलवे कंट्रोल रूम की सतर्कता की तारीफ की |
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी इस घटना को शेयर करते हुए वन विभाग के कर्मचारियों की तारीफ की | उन्होंने बताया कि हाथियों के कॉरिडोर वाले इलाकों में वनकर्मी रेलवे ट्रैक के आसपास लगातार निगरानी रखते हैं, ताकि हाथी सुरक्षित तरीके से ट्रैक पार कर सकें | असम में रेलवे ट्रैक पर हाथियों की सुरक्षा एक गंभीर मुद्दा रहा है | दिसंबर 2025 में होजाई जिले में ही राजधानी एक्सप्रेस की हाथियों के झुंड से टक्कर में सात हाथियों की मौत हो गई थी | ऐसे में इस बार वन विभाग की समय पर कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया |




.jpg)










