रायपुर में स्वच्छता अभियान: निगम के दो जोनों ने कचरा डंपिंग जोन को बनाया साफ, संवारे गए नए स्थल...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
रायपुर: राजधानी में साफ-सफाई को लेकर नगर निगम प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में नगर निगम के जोन 6 और जोन 10 के स्वास्थ्य विभागों ने विशेष अभियान चलाकर कई इलाकों में बरसों से पसरी गंदगी और कचरे के ढेरों को साफ कराया है।
भाठागांव पुराना जोन कार्यालय परिसर बना स्वच्छ जोन 6 के अंतर्गत आने वाले भाठागांव स्थित पुराने जोन कार्यालय परिसर के पास भारी मात्रा में कचरा और मलबा जमा था। जनस्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यहाँ से सारा कचरा हटवाकर स्वच्छता कायम की गई है, और स्वच्छ भारत मिशन के तहत इसे 'स्वच्छता लक्षित इकाई' के रूप में विकसित किया गया है, ताकि स्थानीय लोगों को एक साफ-सुथरा और सकारात्मक माहौल मिल सके।
डुमरतराई सब्जी मार्केट और न्यू राजेन्द्र नगर श्मशान काली मंदिर के पास हुई सफाई वहीं, दूसरी ओर जोन 10 की टीम ने भी ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो प्रमुख स्थानों पर सफाई का बड़ा अभियान चलाया। डुमरतराई सब्जी मार्केट के पास मुख्य मार्ग पर फैले कचरे और गंदगी को पूरी तरह साफ करवा दिया गया है। इस स्थल को अब 'सीटीयू (CTU) स्वच्छता लक्षित इकाई' के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इसके अलावा, वार्ड 56 के अंतर्गत आने वाले न्यू राजेन्द्र नगर स्थित श्मशान काली मंदिर परिसर के आसपास भी भारी गंदगी और कचरा जमा था। इस धार्मिक स्थल के समीप विशेष सफाई अभियान चलाकर पूरे परिसर को चमका दिया गया है, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। निगम अधिकारियों का कहना है कि इन सभी प्रयासों का उद्देश्य शहर के हर कोने को स्वच्छ बनाना और लोगों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचाना है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments