मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ली 'साइबर जागृति सेल्फी', कहा- सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव है.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे 'साइबर जागृति एवं साइबर संकल्प अभियान' के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 'साइबर जागृति सेल्फी' लेकर प्रदेशवासियों को सतर्क रहने का संदेश दिया है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे ऑनलाइन लेन-देन और सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान पूरी सावधानी बरतें ताकि सुरक्षित और साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण हो सके।
'सेवा से संकल्प' अभियान के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता से संबंधित विशेष व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेल्फी लेते हुए डिजिटल दुनिया में जागरूकता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बदलती तकनीक और डिजिटल सेवाओं के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर ठगों ने भी ठगी के नए तरीके निकाल लिए हैं। ऐसे में लोगों को अपनी निजी और बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखते हुए ऑनलाइन गतिविधियों में अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए।
साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प -
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराध के तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी देना है। इसके माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया से जुड़े खतरों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने भी लोगों से साइबर सुरक्षित समाज बनाने की अपील की है।
ठगी से बचने के लिए पुलिस की अहम सलाह: -
किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी (OTP), एटीएम पिन (ATM PIN) या अन्य संवेदनशील जानकारी बिल्कुल साझा न करें।
अनजान लोगों द्वारा भेजे गए किसी भी एपीके (APK) लिंक या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
अनजान नंबर से आने वाली संदिग्ध व्हाट्सएप वीडियो कॉल को न उठाएं।
सोशल मीडिया पर अपनी निजी और संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक करने से बचें।
बैंक और सोशल मीडिया अकाउंट के पासवर्ड मजबूत रखें और उन्हें समय-समय पर बदलते रहें। अलग-अलग खातों के लिए अलग पासवर्ड का इस्तेमाल करें।
मोबाइल में कोई भी ऐप डाउनलोड करते समय केवल अधिकृत ऐप स्टोर का ही उपयोग करें।
सरकारी योजनाओं या बैंकिंग सेवाओं की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट्स पर ही भरोसा करें।
साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत यहां करें शिकायत -
पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाता है, तो उसे बिना देरी किए शिकायत दर्ज करानी चाहिए। किसी भी प्रकार की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा 'राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल' पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
मुख्यमंत्री की इस पहल के साथ ही पुलिस ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments