छत्तीसगढ़ राज्योत्सव: दूसरे दिन सजेगी संगीत की महफिल, राज्यपाल रमेन डेका करेंगे शिरकत....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर: छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर नवा रायपुर के राज्योत्सव मैदान में आयोजित तीन दिवसीय भव्य समारोह का आज दूसरा दिन है। सोमवार शाम संस्कृति, कला और संगीत के नाम होगी, जहां देश और प्रदेश के जाने-माने कलाकार अपनी कला का अनूठा प्रदर्शन करेंगे। इस गरिमामयी आयोजन में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल संभालेंगे।
मुख्य मंच के मुख्य आकर्षण
शाम छह बजे से मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा।
नाटक 'मैं अयोध्या हूं': शाम 6:00 से 7:00 बजे तक विशेष नाट्य मंचन के जरिए अयोध्या की आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को जीवंत किया जाएगा।
सुनील सोनी का संगीत: इसके बाद रात 7:00 से 8:00 बजे तक छत्तीसगढ़ के मशहूर गायक सुनील सोनी अपनी सुरीली आवाज से छत्तीसगढ़ी संस्कृति की लोक-परंपराओं का रंग जमाएंगे।
स्वास्ति मेहुल की प्रस्तुति: रात 8:00 बजे प्रख्यात पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल मंच पर अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगी, जो दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी।
शिल्पग्राम में लोककला और शास्त्रीय नृत्य का संगम
मुख्य पंडाल के साथ-साथ शिल्पग्राम में भी दोपहर तीन बजे से सांस्कृतिक सरगर्मी तेज हो जाएगी। यहां कुल 11 प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें पंडवानी, सुआ नृत्य, ओडिसी, कथक, सूफी, गजल और लोकसंगीत की त्रिवेणी बहेगी।
प्रसन्ना अवस्थी, सुष्मिता दास, समप्रिया पूजा निषाद, अंकित निर्मलकर, मिलवंतीन बाई, मेघा बोस ताम्रकार, आंचल पाण्डेय, रुखमनी दीवान, आदित्य मिश्रा, विनीता त्रिपाठी और तेजराम साहू जैसे प्रतिभावान कलाकार अपनी कला से समां बांधेंगे। विभिन्न जिलों से आए इन कलाकारों की प्रस्तुतियां छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू और यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक साझा मंच प्रदान करेंगी।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments