छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: रोमांचक मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स की जीत, केतन चमके...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले रोमांचक मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने राजधानी रॉयल्स को 2-1 से शिकस्त दी। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस संघर्षपूर्ण मैच में विजेता टीम के लिए चिराग और केतन कुशवाहा ने गोल दागे, जबकि पराजित टीम की ओर से एकमात्र गोल रौशन ने किया। शानदार प्रदर्शन के लिए केतन कुशवाहा को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।


उद्घाटन मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। आक्रामक शुरुआत करते हुए न्यायधानी नाइट्स ने पेनल्टी कॉर्नर और मैदानी गोल के जरिए शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। दूसरी ओर, राजधानी रॉयल्स के खिलाड़ियों ने भी वापसी के कई प्रयास किए, लेकिन आपसी तालमेल की कमी और गोल करने के मौकों को भुनाने में असफलता के कारण टीम पिछड़ गई। मुकाबले के दौरान कुछ खिलाड़ियों को मामूली चोटें भी आईं, जिससे खेल कुछ समय के लिए बाधित हुआ।


एक अन्य महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। विजेता टीम की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल दागे, जबकि लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने एक-एक गोल किया। महानदी फाल्कन्स की तरफ से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया।

प्रतियोगिता के तहत शुक्रवार को दो और मुकाबले खेले जाएंगे। शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटंस का मुकाबला बैलाडीला बुल्स से होगा, और शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस तथा संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय लीग का उद्देश्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के बेहतरीन अवसर प्रदान करना है।








.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments