रुईबांधा कॉलोनी में तड़के पुलिस की दबिश, हड़कंप के बीच दो वारंटी गिरफ्तार...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
सुबह के चार बज रहे थे। शहर गहरी नींद में डूबा था, तभी अचानक रुईबांधा कॉलोनी की गलियां पुलिस की गाड़ियों के सायरन और भारी फोर्स की हलचल से गूंज उठीं। दुर्ग पुलिस ने शुक्रवार तड़के इलाके में एक बड़ा कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान छेड़ दिया, जिससे संदिग्धों और अपराधियों में हड़कंप मच गया।
सुबह चार बजे से शुरू होकर आठ बजे तक चले इस चार घंटे के विशेष अभियान में सुरक्षा का कड़ा पहरा देखने को मिला। इसमें दो राजपत्रित अधिकारियों और चार निरीक्षकों समेत कुल 60 पुलिसकर्मी और अधिकारी मैदान में उतरे। पुलिस टीमों ने कॉलोनी के चप्पे-चप्पे को खंगालते हुए बाहरी किरायेदारों के दस्तावेजों, संदिग्ध व्यक्तियों के रिकॉर्ड और आदतन अपराधियों की गतिविधियों की गहन पड़ताल की।
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटियों को धर दबोचा। इसके अलावा, अवैध हथियारों, मादक पदार्थों और अन्य असामाजिक गतिविधियों की धरपकड़ के लिए भी विशेष स्थानों पर दबिश दी गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और मकान मालिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करते हुए अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से करवाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साझा करें।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments