छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मैनपाट टाइटन्स को दी शिकस्त, सेमीफाइनल की उम्मीदें मजबूत...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एक रोमांचक मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैनपाट टाइटन्स को 4-0 से करारी मात दी। इस मुकाबले से पहले मजबूत डिफेंस के लिए पहचानी जाने वाली मैनपाट टाइटन्स की टीम को टूर्नामेंट में पांचवें मैच में पहली हार का सामना करना पड़ा है।

इस जीत के साथ ही संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं काफी हद तक बढ़ गई हैं। टीम का गोल अंतर अब बेहतर होकर प्लस दो हो गया है। अंक तालिका के समीकरण के मुताबिक, अब स्ट्राइकर्स की निगाहें अन्य मुकाबलों के नतीजों पर टिकी हैं।
आशीष का शानदार प्रदर्शन और हैट्रिक मैच की शुरुआत में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैनपाट टाइटन्स का डिफेंस मजबूत नजर आया, जिसके चलते पहले क्वार्टर में कोई भी टीम खाता नहीं खोल सकी और स्कोर शून्य पर बराबर रहा।
हालांकि, मुकाबले के दूसरे क्वार्टर में स्ट्राइकर्स के खिलाड़ी आशीष ने बेहतरीन ड्रैग फ्लिक के जरिए पहला गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में भी उनका आक्रामक खेल जारी रहा, जहां उन्होंने एक और शानदार गोल करते हुए इस सीजन का अपना आंकड़ा मजबूत किया। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे आशीष ने इसके बाद एक और पेनल्टी कॉर्नर को सफलतापूर्वक गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की। इस टूर्नामेंट में उनके कुल गोलों की संख्या अब बारह हो गई है।

अंतिम पलों में बढ़त हुई मजबूत मैच के आखिरी क्षणों में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने एक और बेहतरीन मैदानी गोल किया। शाहरुख के सटीक पास को ओम कुमार यादव ने आसानी से गोलपोस्ट में पहुंचाकर स्कोर चार-शून्य कर दिया।

इस मुकाबले में हार मिलने के बावजूद मैनपाट टाइटन्स की टीम पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और खिताबी दौड़ की प्रबल दावेदारों में बनी हुई है। दूसरी ओर, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने अपने सभी पांच लीग मैच खेल लिए हैं और अब उन्हें अंतिम चार में प्रवेश के लिए अन्य टीमों के परिणामों का इंतजार है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments