छत्तीसगढ़ कांग्रेस में हलचल तेज: टीएस सिंहदेव के बाद अब पीसीसी चीफ दीपक बैज भी दिल्ली तलब, सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारों में इन दिनों बैठकों और दौरों का दौर तेजी से चल रहा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के दिल्ली दौरे के बाद अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के अचानक राजधानी दिल्ली रवाना होने से सूबे की सियासत में हलचल बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दीपक बैज बस्तर से रायपुर लौटने के तुरंत बाद दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। हालांकि उनके इस अचानक दौरे को लेकर अभी तक पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस यात्रा के सियासी मायने काफी गहरे हो सकते हैं।
केंद्रीय नेतृत्व से हो सकती है अहम मुलाकात -
सूत्रों की मानें तो इस दौरे के दौरान दीपक बैज की कांग्रेस के शीर्ष केंद्रीय नेतृत्व के नेताओं से मुलाकात संभावित है। राज्य में संगठन की मजबूती, आगामी रणनीतियों और पार्टी के भीतर चल रही गतिविधियों को लेकर इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि, जब तक पार्टी या खुद बैज की तरफ से आधिकारिक पुष्टि नहीं होती, तब तक इन चर्चाओं को केवल कयास ही माना जा रहा है।
टीएस सिंहदेव की वापसी और सियासी कयास -
गौरतलब है कि हाल ही में वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव भी दिल्ली प्रवास पर थे और वहां से लौटने के बाद अब वे अंबिकापुर पहुंच चुके हैं। सिंहदेव के लौटने के तुरंत बाद ही पीसीसी चीफ का दिल्ली जाना इस बात को और हवा दे रहा है कि कांग्रेस संगठन के भीतर अंदरखाने कुछ बड़े बदलाव या मंथन चल रहा है।
बहरहाल, दीपक बैज का यह दौरा पहले से निर्धारित था या केंद्रीय कमान के निर्देश पर हुआ है, यह आने वाले कुछ घंटों में ही साफ हो पाएगा, लेकिन फिलहाल इस यात्रा ने छत्तीसगढ़ की राजनीति का पारा जरूर बढ़ा दिया है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments