रायपुर में रक्तदान का महाकुंभ: 1000 से अधिक महिलाओं ने किया रक्तदान, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड.....
आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को भी दे रहे बढ़ावा - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय....

रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक, आपका रक्त किसी जरूरतमंद को दे सकता है नया जीवन : मुख्यमंत्री साय...
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ एवं वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय...
एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं के रक्तदान की ऐतिहासिक पहल गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज...
3600 से अधिक महिलाओं ने कराया पंजीयन, रक्तदान के लिए लगाए गए 200 बेड
प्रोजेक्ट दधीचि के तहत 31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प, पद्मश्री एवं विधायक अनुज शर्मा भी बने सहभागी...
बुक, टॉय और स्टेशनरी कलेक्शन के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंच रही सेवा और संवेदना...
पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ और वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है और रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है।

महिलाओं ने रचा इतिहास, वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज -
रक्तदान महाकुंभ में मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं द्वारा किए गए रक्तदान को 'गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' में दर्ज किया गया है। संस्था के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इस उपलब्धि का प्रमाणपत्र और मेडल सौंपा। इस महाकुंभ के लिए 3600 से अधिक महिलाओं ने पंजीयन कराया था और रक्तदान के लिए 200 बेड की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसमें कुल 2500 यूनिट रक्त जुटाने का लक्ष्य रखा गया।

विधायक अनुज शर्मा सहित 31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प -
'प्रोजेक्ट दधीचि' के तहत 31 लोगों ने देहदान का पुनीत संकल्प लिया, जिनमें पद्मश्री और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी शामिल हैं। अब तक इस अभियान के तहत कुल 103 लोग देहदान का संकल्प ले चुके हैं। इसके अलावा, कार्यक्रम में जरूरतमंद बच्चों के लिए बुक, टॉय और स्टेशनरी कलेक्शन सेंटर भी बनाए गए थे, जिसके जरिए लोगों ने अपनी संवेदना और सेवाभाव प्रकट किया।

प्रदेश में तेजी से मजबूत हो रही स्वास्थ्य अधोसंरचना -
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से शुरू हुआ 'सेवा संकल्प अभियान' 17 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने जानकारी दी कि आधुनिक चिकित्सा के साथ-साथ आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा का भी विस्तार हो रहा है। रायपुर में एनआईटी के सामने 100 बिस्तरों वाला नया आयुर्वेदिक अस्पताल बनाया जा रहा है, और प्रदेश भर में चार नए योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल भी विकसित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, प्रबोध मिंज सहित विभिन्न प्रशासनिक और सैन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments