बिलासपुर में अजीब वारदात: चोरों ने घर में की सेंधमारी, सीसीटीवी उखाड़े और कार ले जाकर लगाई आग...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
अमसेना गांव में चोरी और सनसनीखेज वारदात का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां चोरों ने न सिर्फ घर को निशाना बनाया बल्कि सबूत मिटाने के लिए गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया।
हिर्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अमसेना निवासी ओमप्रकाश कौशिक सेंटरिंग का कार्य करते हैं। गत 30 सितंबर की रात वे अपने परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो रहे थे। इस दौरान उनकी कार रिश्तेदार राजकुमार कौशिक के आवास के समीप सुरक्षित लॉक करके खड़ी की गई थी।
खिड़की की ग्रिल तोड़कर घुसे अंदर -
आधी रात को अज्ञात बदमाश घर की रसोई की खिड़की की लोहे की ग्रिल को हटाकर भीतर दाखिल हुए। अंदर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले घर में सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए तीन सीसीटीवी कैमरों को निकाला और अपने साथ ले गए। इसके पश्चात रसोई के फ्रिज पर रखी कार की चाबी उठाई और बाहर खड़ी गाड़ी को लेकर मौके से फरार हो गए।
दो किलोमीटर दूर मिली जली हुई गाड़ी -
अगली सुबह करीब सात बजे जब परिजनों की आंख खुली, तो उन्होंने रसोई की ग्रिल टूटी हुई और सामान बिखरा पाया। जब कैमरों और चाबी की तलाश की गई तो वे गायब मिले। पीड़ित जब गाड़ी देखने उस स्थान पर पहुंचे जहां वह खड़ी थी, तो वाहन नदारद था। खोजबीन करने पर अमसेना स्थित आयशर शोरूम के पास उनकी कार पूरी तरह से जलकर खाक हालत में मिली।
पुलिस की जांच जारी -
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना रात दस बजे से सुबह सात बजे के बीच अंजाम दी गई। चोरों ने वारदात को जिस शातिर तरीके से अंजाम दिया है, उससे पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी घर के अंदर की व्यवस्था और वाहन की लोकेशन से अच्छी तरह वाकिफ थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया है और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments