बीरगांव को 245 करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा- विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अब कोई बाधा नहीं.....
नगर निगम बीरगांव में 135 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, 110 करोड़ की नई घोषणाएं।

एसटीपी के लिए 82 करोड़, ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़।
बीरगांव में बनेगा नालंदा परिसर और मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय।
स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल बीरगांव के लिए तैयार होगा मास्टर प्लान।
सात क्षेत्रों में सर्वे के बाद पात्र लोगों को बांटे जाएंगे आवासीय पट्टे।

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर/बीरगांव: विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है। शहरों में आधुनिक अधोसंरचना के निर्माण के साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के नगर निगम बीरगांव में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में कही।
मुख्यमंत्री साय ने बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए उन्होंने लगभग 110 करोड़ रुपये के नवीन विकास कार्यों की घोषणा भी की। इनमें नगर निगम से संबंधित 94 करोड़ रुपये से अधिक और लोक निर्माण विभाग के 38 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य शामिल हैं।
स्टेट कैपिटल रीजन से बीरगांव के विकास को मिलेगी नई दिशा -
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीरगांव तेजी से विकसित हो रहा शहरी क्षेत्र है। राज्य सरकार रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को सम्मिलित करते हुए 'स्टेट कैपिटल रीजन' विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है, जिसमें बीरगांव भी शामिल है। इसके माध्यम से पूरे क्षेत्र के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसके अलावा बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे भूमि संबंधी सेवाएं और अधिक सुविधाजनक हो जाएंगी।
करोड़ों की अहम घोषणाएं -
बीरगांव के लिए कई बड़ी घोषणाएं करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण के लिए 82 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये, सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये और सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर के निर्माण के लिए भी 5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वेक्षण करवाकर पात्र लोगों को नियमानुसार आवासीय पट्टे वितरित करने का भी ऐलान किया। साथ ही, बीरगांव में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय प्रारंभ करने की घोषणा की।
कल्याणकारी योजनाओं पर जोर -
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार गरीब, महिला, श्रमिक और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों को आर्थिक सहायता और 5.60 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को सालाना 10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिलने से प्रदेश में विकास के नए द्वार खुले हैं।
विकास की झमाझम बारिश: उप मुख्यमंत्री अरुण साव -
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आज का दिन बीरगांव के लिए ऐतिहासिक है। झमाझम बारिश के बीच बीरगांव में विकास की भी झमाझम बारिश हुई है। इन विकास कार्यों से बीरगांव को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ सौंपा। साथ ही, सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों के पांव धुलवाकर उनका सम्मान किया और बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी समर्पित किए।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, विधायक भावना बोहरा, महापौर नंदलाल देवांगन, सभापति कृपाराम निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments