बिलासपुर-कोलकाता विमान सेवा एक फेरे में ठप, 42 यात्रियों के टिकट रद्द होने से आक्रोश...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से कोलकाता के बीच शुरू हुई सीधी विमान सेवा महज पांच दिनों के भीतर ही एक बार फिर बंद हो गई है। लंबी मांग और इंतजार के बाद गत 25 अक्टूबर को एलायंस एयर की इस उड़ान का संचालन दोबारा शुरू किया गया था, लेकिन इसका केवल एक ही फेरा संचालित हो सका। आगामी शुक्रवार को होने वाले दूसरे फेरे के लिए 42 यात्रियों ने अपनी बुकिंग कराई थी, जिन्हें अचानक उड़ान रद्द होने की सूचना मिलने के बाद उनके टिकट के पैसे वापस कर दिए गए हैं। इस अचानक हुए फैसले से यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय स्तर पर सक्रिय हवाई सेवा संघर्ष संगठन ने इसे क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए बड़ा झटका बताते हुए सेवा को तुरंत बहाल करने की पुरजोर मांग की है।
मात्र एक फेरे के बाद बुकिंग रद्द -
विंटर शेड्यूल के तहत इस विमान सेवा को 25 अक्टूबर को दोबारा पटरी पर लाया गया था, जिससे बिलासपुर और आसपास के इलाकों के लोगों को सीधी कनेक्टिविटी की उम्मीद ब बंधी थी। पहले दिन यानी रविवार को 36 यात्रियों ने इस मार्ग पर सफर किया था। इसके बाद दूसरे फेरे के लिए यात्रियों का उत्साह बढ़ा और बुकिंग का आंकड़ा 42 तक पहुंच गया। हालांकि, उड़ान तय समय से ठीक पहले रद्द कर दी गई, जिससे यात्रियों के यात्रा प्लान पर पानी फेर दिया गया।
पहले भी लग चुका है झटका -
बिलासपुर से कोलकाता के रूट पर विमान सेवाओं का यह पहला झटका नहीं है। इससे पहले भी सितंबर माह के दौरान कम यात्रियों का हवाला देकर इस सेवा को बंद किया गया था। बार-बार उड़ानों के इस तरह अचानक बंद होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। व्यापार, शिक्षा और चिकित्सा के सिलसिले में पूर्वी भारत की यात्रा करने वाले लोगों को अब फिर से भारी परेशानियों से जूझना पड़ेगा।
जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग -
इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्थानीय संगठनों ने क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों और शासन स्तर के अधिकारियों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। संगठन ने अपील की है कि विमानन कंपनी और संबंधित प्राधिकारियों से चर्चा कर इस महत्वपूर्ण हवाई मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू रूप से शुरू कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments