गोवंश हत्या मामले में बड़ा खुलासा, नागपुर से मुख्य आरोपी गिरफ्तार...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के इस जिले में मवेशी वध और सिर अलग-अलग जगहों पर फेंकने के सनसनीखेज प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चिखली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने फरार चल रहे तीन और आरोपितों को दबोच लिया है। इनमें मुख्य आरोपित एजाज अहमद उर्फ कसाई उर्फ वकील अंसारी को महाराष्ट्र के नागपुर से पकड़ा गया, जबकि दो महिलाओं को स्थानीय गौरीनगर इलाके से हिरासत में लिया गया। इस बहुचर्चित मामले में अब तक एक विधि से संघर्षरत बालक/बालिका समेत कुल 14 लोगों पर शिकंजा कसा जा चुका है।
शीतला तालाब और अंडरब्रिज के पास मिले थे अवशेष -
गौरीनगर इलाके में गोवंश की हत्या कर उसके सिर को शीतला तालाब और निर्माणाधीन अंडरब्रिज के पास फेंके जाने से शहर में भारी रोष फैल गया था। मामले की नजाकत को भांपते हुए पुलिस महकमे ने फौरन गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच तेज कर दी थी। चिखली पुलिस और साइबर सेल की साझा टीम लगातार सुराग जुटाने में लगी थी, जिसके बाद अहम जानकारियां हाथ लगीं और पुलिस आरोपियों के करीब पहुंच गई।
नागपुर में दबोचा गया सरगना -
घटना के बाद से ही मुख्य आरोपित नागपुर में छिपा हुआ था। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर में दबिश दी और उसे धर दबोचा। पूछताछ के दौरान उसने पहले पकड़े जा चुके अन्य साथियों के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है।
दो महिलाओं समेत अन्य की गिरफ्तारी -
मुख्य सरगना के अलावा पुलिस ने गौरीनगर से खैरून निशा (60) और नसीमा बेगम उर्फ रानी (57) को भी पकड़ा है। दोनों ने पूछताछ में अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस तरह दो अलग-अलग दिनों चली कार्रवाई में कुल 14 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस -
पुलिस ने इस संगीन मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 325, 238 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। इसके साथ ही पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत भी सख्त कार्रवाई की गई है। इस पूरी सफलता में कोतवाली, सोमनी, बसंतपुर थाना प्रभारियों के साथ चिखली चौकी प्रभारी और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments