छत्तीसगढ़ के पेंशनभोगियों को बड़ी सुविधा: अब महज 70 रुपए में घर बैठे बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर के बुजुर्गों और पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब उन्हें अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बैंकों या सरकारी दफ्तरों के लंबे चक्कर काटने की कोई जरूरत नहीं होगी। डाक विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ओर से शुरू की गई विशेष डोरस्टेप सर्विस के माध्यम से अब यह जरूरी काम बेहद आसानी से घर पर ही पूरा किया जा सकता है।
कैसे मिलेगी यह घर बैठे सुविधा ?
विभाग की इस विशेष पहल के तहत, डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक खुद चलकर पेंशनधारक के घर पहुंचेंगे। इसके बाद आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया को पूरा कर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किया जाएगा। रायपुर संभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर ने सभी पात्र नागरिकों से समय पर इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है। विशेष तौर पर उन वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए यह सेवा वरदान साबित हो रही है, जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण घर से बाहर निकलने में परेशानी होती है।
बेहद किफायती है शुल्क -
इस पूरी घर-घर सेवा का लाभ उठाने के लिए पेंशनभोगियों को केवल 70 रुपए का मामूली शुल्क देना होगा। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के नियमों के मुताबिक, इस निर्धारित राशि में ही जीएसटी और अन्य सभी कर शामिल हैं। इसके लिए अलग से कोई अतिरिक्त डोरस्टेप चार्ज नहीं वसूला जाता है, जिससे आम नागरिकों की जेब पर भी कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ता है।
जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया -
घर पर आने वाले डाकिए के सामने सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कुछ बुनियादी विवरण और दस्तावेज तैयार रखने होते हैं:
आधार कार्ड
मोबाइल नंबर
पेंशन भुगतान आदेश (PPO) नंबर
बैंक खाते से जुड़ी जानकारी
पेंशन वितरण एजेंसी का नाम
कैसे करें संपर्क ?
इस सेवा का लाभ उठाने के लिए नजदीki डाकघर के कर्मचारियों, ग्रामीण डाक सेवक या डाकिए से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 155299 पर कॉल करके भी घर पर सेवा बुक कराने की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। विभाग ने सभी बुजुर्गों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भागदौड़ से बचने के लिए समय रहते इस डिजिटल सुविधा का उपयोग करें।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments