पिथौरा से अकेले प्रतिनिधि बबलू सोनी ने पहुंचाया गौरव - कुर्सियांग में राष्ट्रीय स्काउट्स प्रशिक्षण पूर्ण......

ब्रेकिंग ADN न्यूज़
पिथौरा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय के निर्देशानुसार पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के कुर्सियांग में आयोजित 5 दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय स्काउट्स बेसिक कमिश्नर कोर्स सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण में महासमुंद जिले के पिथौरा ब्लॉक से एकमात्र प्रतिभागी एवं राज्य मुख्य आयुक्त लक्ष्मीकांत (बबलू) सोनी ने सहभागिता कर पिथौरा का गौरव बढ़ाया।
इस प्रशिक्षण में महासमुंद जिले से कुल 11 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का संचालन राज्य प्रशिक्षण आयुक्त अशोक देशमुख के मार्गदर्शन में हुआ। उनके सहयोगी के रूप में पूनम साहू एवं सरिता पांडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशिक्षण की विशेष उपलब्धि यह रही कि छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा (गोल्डी) पूरे पांच दिनों तक प्रतिभागियों के साथ कुर्सियांग में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी कमिश्नरों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ कैंप में रहकर प्रेरणादायी नेतृत्व का परिचय दिया।
प्रशिक्षण के दौरान स्काउट-गाइड के इतिहास, उद्देश्य, सिद्धांत, प्रतिज्ञा, नियम, आदर्श वाक्य, नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक संरचना, निरीक्षण कार्य, वित्त एवं धन संग्रह, व्यवहार विश्लेषण तथा वर्तमान समय में स्काउटिंग की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक एवं प्रोजेक्ट आधारित प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों को शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान सभी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस संग्रहालय का अवलोकन किया, जहां उनके जीवन, संघर्ष, त्याग एवं देशभक्ति से जुड़े दुर्लभ दस्तावेजों और चित्रों को देखकर प्रतिभागी भावविभोर हो उठे। इसके अलावा स्काउट-गाइड आंदोलन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भी भ्रमण कराया गया।
कोर्स के अंतिम दिन आयोजित मूल्यांकन परीक्षा में सभी प्रतिभागी सफल रहे और उन्हें बेसिक कमिश्नर प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। महासमुंद जिला स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला अध्यक्ष एतराम साहू ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी बताते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में आयोजित होने वाले एडवांस कमिश्नर कोर्स के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
प्रशिक्षण से पिथौरा लौटने पर वरिष्ठ नेता शंकर अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, पिथौरा स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, जिला प्रशिक्षण आयुक्त संतोष साहू, राजीव तिवारी तथा पिथौरा ब्लॉक सचिव धनेश साहू ने लक्ष्मीकांत (बबलू) सोनी को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments