शीतला माता मंदिर के पास धान से लदा ट्रक भीड़ में घुसा, 14 लोगों की मौत और 30 से अधिक घायल....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
मध्य प्रदेश : ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों और आस्था के माहौल को मातम में बदल दिया। धान के बोरों से लदा एक बेकाबू ट्रक श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का इलाज जयारोग्य अस्पताल सहित शहर के अन्य अस्पतालों में जारी है। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे हुआ। उस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर की ओर जा रहे थे। छिनोर की तरफ से आने वाले मार्ग पर खड़ी ढलान है, जहां भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। इसी दौरान धान से भरा ट्रक वहां पहुंचा और पुलिस के बैरिकेड तोड़ते हुए अनियंत्रित होकर ढलान पर नीचे उतर गया। इसके बाद ट्रक मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। रास्ते में मौजूद कई श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक की टक्कर से मंदिर परिसर की दीवार भी गिर गई। इसकी चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। हादसे के बाद से चालक के फरार होने की बात सामने आई है।नवरात्रि के अवसर पर शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक थी। अष्टमी और नवमी के कारण दर्शन के लिए बड़ी तादाद में लोग पहुंच रहे थे। इसी भीड़ के बीच बेकाबू ट्रक के घुसने से हादसे ने गंभीर रूप ले लिया।
हादसे के बाद एक पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि दुर्घटना करीब रात 2 बजे हुई, लेकिन घायल को सुबह 4 बजे अस्पताल ले जाया गया। इस आरोप के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। #RoadAccident #GwaliorNews #BreakingNews #SheetlaMataMandir #MadhyaPradeshNews #BreakingADNNews






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments