जगन्नाथ पुरी यात्रा के दौरान होटल बुकिंग के नाम पर बड़ा फ्रॉड, गूगल पर फर्जी वेबसाइट बनाकर युवती को 90 हजार से अधिक का लगाया चूना...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
छत्तीसगढ़ के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक युवती जगन्नाथ पुरी घूमने जाने के लिए होटल की बुकिंग कर रही थी, लेकिन गूगल पर मिली एक फर्जी वेबसाइट के चक्कर में वह साइबर ठगों का शिकार हो गई। कमरे की बुकिंग और रिफंड के नाम पर शातिर ठगों ने उससे छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 90,249 रुपए ठग लिए।
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम ?
गोबरा नवापारा के सदर रोड की रहने वाली युवती ने आगामी 7 अक्टूबर को जगन्नाथ पुरी यात्रा के दौरान ठहरने के वास्ते ऑनलाइन माध्यम से होटल की तलाश शुरू की थी। सर्च करने पर उसे 'एसकेएस बीच होटल स्पा' के नाम से एक वेबसाइट दिखाई दी।
वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर जब व्हाट्सएप के जरिए बातचीत हुई, तो दो दिनों के कमरे का किराया 14,000 रुपए बताया गया। साथ ही, बुकिंग कन्फर्म करने के लिए कुल राशि का आधा यानी 7,000 रुपए एडवांस के तौर पर क्यूआर कोड पर भेजने को कहा गया। युवती ने तय रकम ट्रांसफर करने के बाद जैसे ही रसीद मांगी, तो ठगों ने सिस्टम में तकनीकी खराबी (टेक्निकल एरर) का बहाना बनाना शुरू कर दिया।
रिफंड के चक्कर में गंवाए पैसे -
तकनीकी समस्या और पैसे वापस मिलने (रिफंड) का झांसा देकर ठगों ने युवती को लगातार अपने जाल में उलझाए रखा। उसे लगा कि पहले कटे हुए पैसे वापस पाने के लिए उसे निर्देशों का पालन करना होगा। इस दौरान जालसाजों ने सर्वर फेल और एरर का हवाला देकर कभी 7,049 रुपए, तो कभी 14,049 रुपए, इसके बाद 28,099 रुपए और अंत में 19,999 रुपए ट्रांसफर करवा लिए।
इस प्रकार महज कुछ ही देर में छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 90,249 रुपए उसके खाते से साफ हो गए। इसके बाद जब युवती ने संपर्क करने का प्रयास किया, तो आरोपियों का मोबाइल नंबर पूरी तरह बंद मिला। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर के आधार पर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज करके आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments