लापरवाही पर एक्शन: PWD के 13 अफसरों को नोटिस...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
रायपुर। लोक निर्माण विभाग ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बरतने वाले 13 इंजीनियरों पर सख्त कार्रवाई की है। पोर्टल पर दर्ज मामलों को बिना ठोस आधार और सही जानकारी के बंद किए जाने पर यह कदम उठाया गया है। जिन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है, उनमें तीन अधीक्षण अभियंता, पांच कार्यपालन अभियंता और पांच अनुविभागीय अधिकारी शामिल हैं।
समीक्षा बैठक के दौरान सामने आया कि पिछले दो महीनों यानी अगस्त और सितंबर में विभाग से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण बेहद लचर तरीके से किया गया। एल-1, एल-2 और एल-3 स्तर के अधिकारियों ने ऐसी टिप्पणियां लिखकर मामले बंद कर दिए जिनसे नागरिकों की समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकलता है। इस मनमाने रवैये से पोर्टल पर गलत और भ्रामक आंकड़े दर्ज हुए।
जिम्मेदारों को चेतावनी देते हुए शासन ने स्पष्ट किया है कि शिकायत बंद करते वक्त मौके की जांच, प्रस्तावित कार्रवाई, उसकी समय-सीमा और शिकायतकर्ता को दी गई जानकारी का पूरा ब्योरा होना अनिवार्य है। यदि मामला किसी अन्य विभाग का था, तो उसका स्पष्ट कारण भी दर्ज किया जाना चाहिए था।
नोटिस पाने वाले सभी इंजीनियरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 15 दिनों के भीतर अपना लिखित जवाब सीधे विभाग के सचिव के पास जमा करें। तय समय सीमा के अंदर जवाब न मिलने पर संबंधितों के खिलाफ एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments