शराब में जहर घोलकर की थी अधेड़ की हत्या, एक साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
जांजगीर-चांपा: जिले में एक साल पहले हुई संदिग्ध मौत के मामले से पर्दा उठ गया है। पुलिस ने गहन तफ्तीश के बाद हत्या की इस गुत्थी को सुलझाते हुए एक आरोपी को धर दबोचा है। शुरुआती दौर में मामला महज सामान्य मौत का लग रहा था, लेकिन फॉरेंसिक रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने सनसनीखेज खुलासे किए।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा -
घटना करीब एक साल पुरानी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 22 मई 2025 को रामायण सूर्यवंशी अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। शुरुआत में इसे सामान्य या संदिग्ध मौत मानकर मर्ग कायम किया गया था। हालांकि, मौके से मिले साक्ष्यों और शराब की बोतलों को पुलिस ने सुरक्षित रखकर जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा था।
FSL रिपोर्ट से खुला हत्या का राज -
जब रिपोर्ट सामने आई, तो उसमें शराब में घातक कीटनाशक मिलाए जाने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट हाथ लगते ही पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाया और इसे हत्या के एंगल से खंगालना शुरू कर दिया। घटनाक्रम के दौरान मृतक के संपर्क में रहे लोगों की फेहरिस्त तैयार की गई और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। कड़ियों को जोड़ने पर पुलिस का शक सुरेंद्र साहू उर्फ मोनू पर टिक गया।
शराब पिलाने के बहाने ले गया था ईंट भट्ठे के पास -
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी सुरेंद्र ने सोची-समझी साजिश के तहत रामायण को शराब पिलाने के बहाने ईंट भट्ठे के पास बुलाया था। मौका पाकर उसने शराब में चुपके से जहरीला कीटनाशक मिला दिया। जैसे ही रामायण ने वह जहरीली शराब पी, उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और अंततः उनकी जान चली गई।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी -
साक्ष्यों के पुख्ता होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। नैला पुलिस ने दबिश देकर आरोपी सुरेंद्र साहू उर्फ मोनू (निवासी वार्ड क्रमांक 06, बजरंग चौक, हाथीटिकरा) को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया तीन पहिया स्कूटर भी जब्त कर लिया गया है। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
#जांजगीरचांपा #छत्तीसगढ़न्यूज़ #क्राइमNEWS #BreakingADNNews






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments