चरोदा में कांग्रेस की चुनावी बैठक में उमड़ा जनसैलाब, संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर हुआ मंथन....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
भिलाई/चरोदा: नगर निगम चरोदा क्षेत्र के स्वस्तिक पार्क में आज कांग्रेस पार्टी की एक अहम चुनावी बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना और ठोस चुनावी रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, चरोदा के चुनावी ऑब्जर्वर विकास उपाध्याय, अध्यक्ष राकेश ठाकुर, प्रभारी राजेंद्र साहू, महापौर निर्मला कोसले, सभापति चंद्राकर सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तमाम पदाधिकारी, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल के कार्यकर्ता और नगर निगम के सभी पार्षद बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस दौरान नेताओं ने स्पष्ट किया कि चुनाव केवल राजनीतिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने का बड़ा अवसर है। सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करें और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करें।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरने को कहा। उन्होंने बल दिया कि कांग्रेस का कार्यकर्ता हमेशा से जनता के सुख-दुख का साथी रहा है और आगामी चुनावों में भी जनता के हर एक मुद्दे को पूरी ताकत से उठाया जाएगा।
वहीं, चुनावी ऑब्जर्वर विकास उपाध्याय ने कहा कि चरोदा क्षेत्र में पार्टी पूरी तैयारी के साथ जुटी हुई है। वार्ड और बूथ स्तर पर बेहतर समन्वय बनाकर रणनीति को अमलीजामा पहनाया जा रहा है, ताकि हर मतदाता तक पहुंचकर जनता के विश्वास को और गहरा किया जा सके।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करने का संकल्प लिया।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments