google.com, pub-3310156774694367, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page
WhatsApp Image 2025-09-10 at 15.54_edite
ADN FILMS POSTER

BREAKING ADN NEWS

WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.10.10.jpeg
WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.06.00.jpeg
WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.06.01.jpeg
WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.06.01 (1).jpeg
WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.06.01 (2).jpeg

100 कैमरों ने खोले आरोपी के राज, चेहरे पर गमछा बांधकर लाखों की चोरी..

34 minutes ago
3 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-

रायगढ़ :- घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित दो किराना दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लाखों रुपये की नगदी, चांदी के सिक्के और बिस्किट समेत अन्य सामान चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
















आरोपी के कब्जे और मेमोरंडम के आधार पर कुल 6 लाख 30 हजार 286 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, 23-24 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात जयस्तंभ चौक स्थित संतोष किराना दुकान को चोर ने निशाना बनाया था। आरोपी दुकान की छत पर चढ़ा और टीन शीट तथा दीवार के बीच की खाली जगह में लगी फॉल सीलिंग तोड़कर अंदर घुस गया। इसके बाद गल्ले में रखे करीब चार लाख रुपये नकद, चांदी के सिक्के और चांदी का बिस्किट चोरी कर लिया। इसके बाद आरोपी ने बगल में स्थित गोकुलचंद मामराज किराना दुकान में भी इसी तरीके से सेंध लगाई। यहां से गल्ले में रखे करीब 90 हजार रुपये और अन्य सामान चोरी किया गया। दोनों घटनाओं पर घरघोड़ा थाने में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।


100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले सिलसिलेवार चोरी को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपी की जल्द पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी और साइबर डीएसपी शिखर मरावी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू और साइबर टीम ने आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में नजर आए संदिग्ध के हुलिए के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान ग्राम बरपाली नवाडीह निवासी सतीष चौहान के रूप में की। टीम उसके घर पहुंची, लेकिन वह फरार मिला। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने चोरी की रकम से लैलूंगा स्थित तमन्ना मोबाइल दुकान से नया मोबाइल खरीदा था।


तकनीकी माध्यमों से आरोपी की लोकेशन नागपुर में मिलने के बाद पुलिस टीम वहां पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपी वहां से भी भागने की कोशिश कर रहा था। टीम ने उसका पीछा जारी रखा और आखिरकार राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों किराना दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दोनों दुकानों में पहले सामान खरीदने जाता था। 23 अगस्त की रात तेज बारिश का फायदा उठाकर उसने चोरी की योजना बनाई। पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर गमछा बांधा और छत के रास्ते दुकान में प्रवेश किया। पहली दुकान से नकदी और चांदी चोरी करने के बाद उसने दूसरी दुकान से नकदी के अलावा चिल्हर सिक्के, हल्दी, मसाला, साबुन, काजू और बादाम समेत अन्य सामान चोरी किया।


आरोपी ने चोरी की रकम से 19 हजार 300 रुपये में सैमसंग A-07 मोबाइल खरीदा था। इसके अलावा करीब 25 हजार रुपये घूमने-फिरने और खाने-पीने में खर्च करने की जानकारी दी। आरोपी के मेमोरंडम पर पुलिस ने 2 लाख 64 हजार 146 रुपये नकद और 1 किलो 508 ग्राम चांदी बरामद की। चांदी की अनुमानित कीमत 3 लाख 46 हजार 840 रुपये बताई गई है। इसके साथ सैमसंग एंड्रॉइड मोबाइल और वारदात के दौरान कथित तौर पर इस्तेमाल सफेद-संतरा रंग का चेकदार गमछा भी बरामद किया गया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 6 लाख 30 हजार 286 रुपये बताई गई है।


32 वर्षीय आरोपी सतीष चौहान निवासी ग्राम बरपाली नवाडीह को दोनों प्रकरणों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में घरघोड़ा थाना और साइबर टीम के अधिकारियों व जवानों की अहम भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध के बाद आरोपी कितना भी दूर भागे, तकनीकी निगरानी और सतत प्रयास के जरिए उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी करने वाली टीम के प्रयासों की सराहना की।

Comments


© 2018 by Anis lala dani. Proudly created with breakingadnnews.com

  • Subscribe Channale
bottom of page
naver-site-verification: navere8d42c0359e3e135363406d5b6093c27.html