एक मुश्त मिलेगा दो माह का राशन अप्रैल माह में ..
कलेक्टर के द्वारा आदेश जारी

15 मार्च 2023 को कोरबा के सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत सभी राशन कार्डधारियों को अप्रैल एवं मई माह का राशन एक मुश्त अप्रैल माह में मिलेगा। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है।
जिले के सभी उचित मूल्य दुकानों हेतु चावल उत्सव की तिथि का निर्धारण किया जायेगा, उत्सव के दिन सभी राशन कार्डधारियों को दो माह का चावल वितरण किया जायेगा।
कलेक्टर कार्यालय कोरबा के खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के कस्टम मिलिंग के बाद चावल उपार्जन के लिए गोदामों में पर्याप्त स्थान की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए राज्य शासन द्वारा निर्णय लिया गया है|
कलेक्टर द्वारा एक मुश्त खाद्य वितरण समय पर किए जाने हेतु ग्राम पंचायत एवं नगरीय क्षेत्रो के उचित मूल्य की दुकानों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अप्रैल माह में दुकानों के नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा भण्डारित किये गये खाद्यान्नों का भौतिक सत्यापन निगरानी समिति के माध्यम से कराने के लिए एवं भण्डारित खाद्यान्न का किसी भी प्रकार से अफरा-तफरी एवं व्यपवर्तन न हो, यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। राशन कार्डधारियों को दो माह का राशन एक मुश्त में वितरण किए जाने के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
चावल को छोड़कर शेष राशन सामग्री केरोसिन, शक्कर, चना एवं नमक का वितरण माहवार एवं पात्रता के अनुसार ही किया जाएगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments