रीवा में 69 केन्द्रों में होगी खरीदी, धान खरीदी 1 दिसम्बर से...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
किसानों से धान की खरीदी शुरू होने वाली है। जिला कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया है कि सभी खरीदी केन्द्रें में व्यवस्था बनाने के निर्देश दिये गये हैं। धान खरीदी के लिए किसानों को स्लाट बुक करवाना होगा। स्लाट बुकिंग का कार्य शुरू हो चुका है। 1 दिसम्बर से धान की खरीदी शुरू होनी है। कलेक्टर के आदेश के बाद भी खरीदी केन्द्रों में प्रशासनिक स्तर पर कोई तैयारी नही दिख रही है। ऐसे में सहज ही पता चलता है कि किसानों को आने वाले दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
धान उपार्जन की अंतिम तिथि 19 जनवरी 2024 निर्धारित की गई है। इस संबंध में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 69 केन्द्र स्थापित कर दिए गए हैं। जिले में 71877 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए पंजीयन कराया है। इनका सत्यापन किया जा चुका है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य देने के लिए निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जाता है।
कलेक्टर ने बताया कि एफएक्यू धान के लिए 2183 रुपए प्रति क्विंटल तथा धान ग्रेड ए के लिए 2203 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। धान खरीदी के लिए सभी खरीदी केन्द्रों में तौल कांटे एवं बारदाने उपलब्ध करा दिए गए हैं। जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से धान का उपार्जन किया जाएगा। स्लॉट बुकिंग की सुविधा आरंभ हो गई है। पंजीकृत किसान अपनी धान बेचने के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर से अथवा एमपी ऑनलाइन कियोस्क सेंटर से दिनांक और समय का निर्धारण करके स्लॉट बुक कर सकते हैं।
धान का उपार्जन करने के लिए खरीदी केन्द्र आते समय किसान असुविधा से बचने के लिए अपने पंजीयन की रसीद, स्लॉट बुकिंग पावती, आधार कार्ड और पंजीकृत मोबाइल अपने साथ रखें। उपार्जन केन्द्र प्रभारी तथा किसान द्वारा बायोमेट्रिक अथवा ओटीपी सत्यापन के बाद ही खरीदी की पावती जारी होगी। इसे किसान अपने पास सुरक्षित रखें। कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम तथा महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक को सभी खरीदी केन्द्रों में उपार्जन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments