पुरी बीच पर सुदर्शन पटनायक ने बनाई RBI डेटा सेंटर की भव्य रेत कलाकृति...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
पुरी :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओडिशा दौरे से ठीक पहले, देश के जाने-माने पद्म श्री से सम्मानित सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने पुरी बीच पर एक बेहद आकर्षक और भव्य रेत की कलाकृति उकेरी है। प्रधानमंत्री के स्वागत में बनाई गई यह 8 फीट ऊंची कलाकृति राज्य की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर और देश के तेजी से आगे बढ़ते डिजिटल बुनियादी ढांचे का एक अनूठा संगम है।
इस खूबसूरत कलाकृति के जरिए भुवनेश्वर में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान के शुभारंभ को दर्शाया गया है। इसमें ओडिशा की पारंपरिक वास्तुकला के प्रतीक 'कोणार्क चक्र' के साथ-साथ अत्याधुनिक डेटा सेंटर की झलक को भी बेहद खूबसूरती से रेत पर उकेरा गया है। कलाकार सुदर्शन पटनायक का यह प्रयास राज्य की सांस्कृतिक पहचान को देश के सुरक्षित डिजिटल भविष्य और साइबर सुरक्षा से जोड़ता है।
मीडिया से चर्चा करते हुए सुदर्शन पटनायक ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों ओडिसा में RBI के दूसरे डेटा सेंटर का उद्घाटन होना राज्य के लिए बड़े गौरव की बात है। इसी हर्षोल्लास में उन्होंने अपनी कला के माध्यम से पीएम मोदी का स्वागत किया है।
अत्याधुनिक तकनीक और सुरक्षा से लैस है नया डेटा सेंटर-
अपने ओडिसा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भुवनेश्वर में इस अत्याधुनिक RBI डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। देश के वित्तीय तंत्र को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से स्थापित इस डेटा सेंटर को वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है।
इसे प्रतिष्ठित 'अपटाइम इंस्टीट्यूट' के 'टियर IV' मानक का प्रमाणन प्राप्त है, जो इसे ऑपरेशनल मजबूती के मामले में दुनिया भर के बैंकिंग और वित्तीय (BFSI) क्षेत्र के सबसे बड़े प्रमाणित केंद्रों में शुमार करता है। यहाँ महत्वपूर्ण पेमेंट और सेटलमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं भी संचालित होंगी। इसके अलावा, स्थापित होने वाला 'साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान' वित्तीय क्षेत्र में क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों पर रिसर्च, ट्रेनिंग और क्षमता विकास का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments