रायगढ़ में गूंजा खेल का जोश: 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार दमखम...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायगढ़: शहर के बोईरदादर स्थित रायगढ़ स्टेडियम में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे और तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। छत्तीसगढ़ के सभी पांचों संभागों से आए युवा खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और ऊर्जा से मैदान पर चार चांद लगा दिए। कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल के कोर्ट व मैट पर कड़ा मुकाबला हुआ, जहाँ हर टीम ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी।
कबड्डी और खो-खो में दिखा रोमांच -
कबड्डी के बालक वर्ग में रायपुर और बिलासपुर की टीमों का दबदबा देखने को मिला। रायपुर ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर प्रतिद्वंद्वी टीमों को मात दी, वहीं बिलासपुर ने भी शानदार प्वॉइंट्स जुटाकर अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई। बालिका वर्ग में रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर की टीमों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए एकतरफा मुकाबले अपने नाम किए।
उधर, खो-खो के अंडर-17 बालक वर्ग में रोमांचक भिड़ंत हुई, जिसमें बिलासपुर और बस्तर के खिलाड़ियों ने चुस्ती-फूर्ती का शानदार नमूना पेश किया। बालिका वर्ग में बस्तर और दुर्ग के बीच हुआ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जो बराबरी पर छूटा।
वॉलीबॉल के कड़े मुकाबले -
वॉलीबॉल कोर्ट पर भी खिलाड़ियों ने पसीना बहाया। अंडर-17 बालक और बालिका दोनों ही वर्गों में टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। कई मुकाबलों में विजेता का फैसला रोमांचक सेटों के बाद हुआ, जहाँ दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन स्मैश और डिफेंस का प्रदर्शन किया।
विभिन्न खेलों के परिणाम (शीर्ष स्थान):
कबड्डी (बालिका 14 वर्ष): बिलासपुर (प्रथम), दुर्ग (द्वितीय), रायपुर (तृतीय)
कबड्डी (बालक 14 वर्ष): बिलासपुर (प्रथम), रायपुर (द्वितीय), दुर्ग (तृतीय)
वॉलीबॉल (बालिका 17 वर्ष): दुर्ग (प्रथम), बस्तर (द्वितीय), रायपुर (तृतीय)
खो-खो (बालक 17 वर्ष): रायपुर (प्रथम), बिलासपुर (द्वितीय), दुर्ग (तृतीय)
खिलाड़ियों के खान-पान और आवास पर विशेष फोकस -
प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे सभी खिलाड़ियों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। खेल अधिकारियों द्वारा लगातार मैदान और आवास स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है।
खिलाड़ियों के ठहरने के लिए सिंधु भवन, सेंट जेवियर स्कूल, मुक्ति प्रकाश स्कूल और सेंट टेरेसा स्कूल में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मैदान तक आने-जाने के लिए परिवहन सेवा और स्वच्छता बनाए रखने के लिए मोबाइल टॉयलेट जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं, ताकि खिलाड़ी बिना किसी परेशानी के सिर्फ अपने खेल पर ध्यान दे सकें।
आज होगा भव्य समापन -
इस महाकुंभ का समापन समारोह आज यानी 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम, रायगढ़ में संपन्न होगा। इस दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों और मेधावी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। यहाँ चयनित होने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments