पीएम आवास की किश्त अटकी, जर्जर मंगल भवन की छत गिरी....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
पेंड्रा। प्रधानमंत्री आवास योजना की लेटलतीफी और रुकी हुई किस्तों ने एक गरीब परिवार को मौत के मुँह में धकेलने जैसी स्थिति लाकर खड़ा कर दिया है। योजना की बकाया राशि समय पर न मिलने के कारण एक हितग्राही का मकान अधूरा पड़ा है, जिसके चलते परिवार को अपनी जान जोखिम में डालकर एक जर्जर और खतरनाक मंगल भवन में शरण लेनी पड़ी। गनीमत रही कि गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया, जब इसी भवन की अचानक गिरी छत के मलबे से एक मासूम बच्चे को बाल-बाल बचा लिया गया।
रुका हुआ निर्माण और मजबूरी का आशियाना -
पेंड्रा निवासी आकाश चौधरी का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान बन रहा है। परिवार के मुताबिक, योजना की अगली किश्त लंबे समय से जारी नहीं की गई है, जिस वजह से मकान का निर्माण कार्य बीच में ही अधर में लटक गया है। अधूरा और रहने के अयोग्य घर तथा अन्य कोई विकल्प न होने के कारण पीड़ित परिवार को मजबूरन स्थानीय जर्जर मंगल भवन में रहना पड़ रहा है।
अचानक भरभराकर गिरी छत, बाल-बाल बचा मासूम -
गुरुवार को जब परिवार मंगल भवन के भीतर मौजूद था, तभी अचानक जर्जर छत का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसे के वक्त आकाश चौधरी का एक वर्षीय नन्हा बच्चा बिल्कुल पास ही खेल रहा था। गनीमत रही कि परिवार के एक सतर्क सदस्य की नजर समय रहते गिरते हुए मलबे पर पड़ गई। उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए बच्चे को तुरंत खींचकर दूर कर लिया। हालांकि इस आपाधापी में बच्चे को मामूली चोट जरूर आई, लेकिन एक बड़ा और भयानक हादसा टल गया। इस घटना के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत में है।
प्रशासन से लगाई मदद और न्याय की गुहार -
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से तत्काल प्रभाव से मदद की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि यदि उन्हें समय पर पीएम आवास की बकाया किश्त मिल जाती, तो उन्हें इस तरह जान जोखिम में डालकर किसी असुरक्षित और जर्जर सार्वजनिक भवन में रहने की नौबत कभी नहीं आती।
फिलहाल, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल एक सुरक्षित अस्थायी आवास की व्यवस्था करने और प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित राशि को जल्द से जल्द जारी करने की मांग की है, ताकि वे अपने अधूरे मकान का निर्माण पूरा कर सुरक्षित जिंदगी जी सकें।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments