दंतेवाड़ा में सड़क के लिए दंतेश्वरी माई की शरण में जनता, दानपेटी से निकल रही अर्जियां - कांग्रेस....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर: छत्तीसगढ़ में सड़कों की बदहाली और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस का आरोप है कि जनता का राज्य सरकार और प्रशासन से पूरी तरह भरोसा उठ चुका है, जिसके चलते दंतेवाड़ा में लोग सड़क बनवाने के लिए अब मां दंतेश्वरी मंदिर की दानपेटी में अर्जियां डाल रहे हैं।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बस्तर से सामने आ रही यह तस्वीर विष्णु देव साय सरकार के दावों पर करारा तमाचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘डबल इंजन सरकार’ और विकास की गंगा बहाने का ढिंढोरा पीट रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि बुनियादी सुविधाओं के लिए जनता को देवी-देवताओं के दर पर जाना पड़ रहा है।
प्रशासन और लोक निर्माण विभाग पर निष्क्रियता का आरोप -
सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि दानपेटी से निकल रही अर्जियां यह दर्शाती हैं कि कलेक्ट्रेट और प्रशासनिक अधिकारियों के दरवाजे जनता के लिए बंद हो चुके हैं। लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सुस्त हैं। जिस सरकार से जनता का विश्वास ही खत्म हो जाए, उसे सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
मरीजों को खाट पर ढोने की मजबूरी -
कांग्रेस प्रवक्ता ने बस्तर के हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि सड़कें न होने के कारण एंबुलेंस अंदरूनी इलाकों तक नहीं पहुंच पाती। गर्भवती महिलाओं और मरीजों को आज भी खाट पर ढोकर अस्पताल ले जाना पड़ता है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान बस्तर के अंदरूनी इलाकों में सड़कों का जाल बिछाया गया था और बंद सड़कों को चालू कराकर जनता का विश्वास बहाल किया गया था। लेकिन आज भाजपा राज में नई सड़कें बनना तो दूर, पुरानी सड़कों की मरम्मत तक नहीं हो पा रही है।
सरकार से पूछे तीखे सवाल -
सुरेंद्र वर्मा ने सरकार से सवाल किया है कि बस्तर के विकास का फंड आखिर कहां जा रहा है? सड़कों की फाइलें किस अलमारी में धूल खा रही हैं? जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए भगवान भरोसे क्यों छोड़ दिया गया है? उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी बस्तर की आराध्य देवी हैं और श्रद्धालुओं की भक्ति का केंद्र अब सरकार की नाकामी की अर्जियों से भर रहा है, जो बस्तर के आदिवासियों के साथ घोर अन्याय है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments