नवदुर्गा प्लांट के श्रमिक की ट्रेलर की टक्कर से हुई मौत...

केलो डैम के पास ट्रेलर और मोटर सायकिल भिडऩे की घटना में पीएफ का पैसा निकालने जा रहे नवदुर्गा प्लांट के ठेका श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा घरघोड़ा रोड पर हुआ। पुलिस ने मुकदमा पंजीबद्ध किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलत: छाल थानांतर्गत ग्राम लोटन निवासी रेशम यादव पिता महेत्तर यादव (33 वर्ष) पूंजीपथरा के बरपाली स्थित अपने ससुराल में रहते हुए ठेकेदार के मातहत नवदुर्गा प्लांट में मजदूरी करता था। शनिवार शाम रेशम अपने घर से एचएफ डीलक्स मोटर सायकिल (क्रमांक – सीजी 13 एएस 0476) लेकर पीएफ की राशि निकालने के लिए रायगढ़ जाने निकला था।
इस दौरान रायगढ़ से घरघोड़ा की तरफ जा रहे ट्रेलर (क्रमांक – सीजी 04 जेडडी 7289) के लापरवाह चालक ने उसे ठोक दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग में बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आने के कारण बाईक सहित गिरने से रेशम घायल हो गया। मुख्य मार्ग में हुए हादसे को देख राहगीरों ने 112 नंबर डायल कर सूचना दी। कुछ देर में एम्बुलेंस आने पर युवक को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन चन्द सांसें गिनते ही उसने दम तोड़ दिया। रविवार सुबह जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए यादव परिवार को सौंपने वाली पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक के विरुद्ध धारा 304 ए का अपराध कायम करते हुए दुर्घटना की जांच पड़ताल कर रही है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments