अभनपुर के आंगनबाड़ी केंद्रों में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का 'आंगन मिलन', बच्चों को कराया न्योता भोज और बांटे मुनगा के पौधे....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर: राजधानी रायपुर के करीब अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के निमोरा और धुसेरा गांव में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने एक अनूठी पहल में हिस्सा लिया। 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम के तहत वह सीधे ग्रामीण महिलाओं और बच्चों से रूबरू हुईं। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ नौनिहालों को अपने हाथों से न्योता भोज कराया और चॉकलेट बांटी, बल्कि गर्भवती माताओं की गोद भराई और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी पूरे विधि-विधान से संपन्न कराया।
पोषण और स्वास्थ्य पर दिया जोर: -
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, मातृ-शिशु देखभाल और पोषण में परिवारों की भागीदारी को बढ़ाना है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से केंद्र की गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि बच्चों का भविष्य तभी सुरक्षित होगा जब वे शारीरिक रूप से स्वस्थ होंगे। इसके लिए माताओं को बच्चों की डाइट में स्थानीय स्तर पर मिलने वाली हरी सब्जियों, दालों और पौष्टिक चीजों को अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए।
'हर घर मुनगा' अभियान को बढ़ावा: -
कुपोषण को मात देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत मंत्री ने आंगनबाड़ी परिसर में मुनगा का पौधा रोपा। इसके साथ ही कार्यक्रम में मौजूद माताओं को भी मुनगा के पौधे उपहार में दिए गए और उन्हें अपनी बाड़ी या घर के आसपास लगाने के लिए प्रेरित किया गया। मंत्री ने बताया कि मुनगा एक बेहद गुणकारी और आसानी से उपलब्ध होने वाला पौधा है, जो परिवारों के लिए पौष्टिक आहार का एक शानदार विकल्प बन सकता है।
आंगनबाड़ी सिर्फ केंद्र नहीं, पोषण का आधार है: -
महिलाओं से संवाद करते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी को केवल बच्चों के खेलने-कूदने की जगह न समझें। यह केंद्र गर्भवती माताओं, बच्चों के पोषण और उनकी प्रारंभिक शिक्षा की नींव रखने का सबसे अहम जरिया है। अगर समाज और परिवार आंगनबाड़ी के साथ मिलकर सक्रिय रूप से काम करे, तो विभागीय योजनाओं का लाभ हर घर तक सफलतापूर्वक पहुंचाया जा सकता है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments