बालोद में पुलिस का बड़ा एक्शन: 737 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी और मोबाइल जब्त..

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
बालोद: जिले में अवैध नशीली दवाओं के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को धर दबोचा है और उनके पास से कुल 737 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों की एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई -
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरापारा निवासी एक युवक अवैध नशीली दवाइयां बेचने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी की होंडा डियो स्कूटी (क्रमांक CG 24 V 7412) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की में रखी लाल पॉलीथीन से 449 ट्रामाडोल कैप्सूल (TraiSPAS) बरामद हुईं। पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले के दो अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
अलग-अलग जगहों से हुई बरामदगी -
मुख्य आरोपी: टिकरापारा निवासी युवक के पास से TraiSPAS की 449 कैप्सूल और एक वीवो मोबाइल फोन जब्त किया गया।
दूसरा आरोपी: दल्लीराजहरा वार्ड क्रमांक 25 निवासी एक अन्य व्यक्ति के कब्जे से SPAS-TRASCEN-PLUS की 144 कैप्सूल और एक मोबाइल फोन मिला।
तीसरा आरोपी: नया पारा निवासी एक और आरोपी के पास से भी SPAS-TRASCEN-PLUS की 144 कैप्सूल बरामद की गईं।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी -
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 22 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments