बलौदाबाजार-भाटापारा में नए परिवहन कार्यालय का लोकार्पण, सोनबरसा जंगल सफारी के लिए चार नई जिप्सी और विकास कार्यों को मिली मंजूरी...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
छत्तीसगढ़ में परिवहन सेवाओं को आधुनिक और डिजिटल बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के परसाभदेर में 1.74 करोड़ रुपए की लागत से तैयार नए जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि डिजिटल सेवाओं के शुरू होने से आम नागरिकों को घर बैठे परिवहन संबंधी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान क्षेत्र के विकास को गति देते हुए मंत्री केदार कश्यप ने सोनबरसा जंगल सफारी के वास्ते चार नई जिप्सियों के साथ-साथ सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
पैक्स केंद्रों के जरिए मिल रही सहूलियतें -
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने बताया कि जिले के पांच पैक्स (PACS) केंद्रों के माध्यम से परिवहन सुविधाएं दी जा रही हैं, जिनके जरिए अब तक 572 लर्निंग लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं। आने वाले समय में ये पैक्स केंद्र केवल धान खरीदी तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि नागरिकों को कई अन्य जरूरी सेवाएं भी उपलब्ध कराएंगे। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को अहम बताते हुए उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन न चलाने दें और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।

बुजुर्गों को मिले बस पास और चालकों को सुरक्षा उपकरण -
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार गांवों से लेकर शहरों तक विकास की रफ्तार तेज कर रही है। आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त इस नए कार्यालय के बनने से वाहन चालकों और मालिकों को काफी सहूलियत होगी। इस दौरान समारोह में वाहन चालकों को लाइसेंस और सुरक्षित यातायात के लिए हेलमेट वितरित किए गए, वहीं 80 वर्ष से अधिक उम्र के दस बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास भी प्रदान किए गए।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश -
कार्यक्रम के अंत में 'सेवा संकल्प अभियान' और 'एक पेड़ मां के नाम' मुहिम के तहत दोनों मंत्रियों ने कार्यालय परिसर में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, प्रमोद कुमार शर्मा समेत तमाम स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments