सड़क हादसे का खौफनाक मंज़र: पलारी में अनियंत्रित बाइक खड़े ट्रक से भिड़ी....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
बलौदाबाजार: जिले के रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहाँ एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े भारी-भरकम ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भीषण टक्कर में मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक बुरी तरह जख्मी हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को फौरन बलौदाबाजार जिला अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों की टीम ने घायलों का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटें होने के कारण एक युवक ने इलाज के दौरान ही दम तोड़ दिया। वहीं, दो अन्य की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है।
अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण टला नहीं हादसा -
हादसे में जान गंवाने वाले और घायल युवकों में कोरासी गांव के रहने वाले हरक धीवर और उनके दो अन्य साथी शामिल बताए जा रहे हैं। शुरुआती जाँच में यह बात सामने आई है कि रात का अंधेरा और वाहन की अत्यधिक गति होने के कारण बाइक सवारों को सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया, जिससे यह भयानक हादसा हो गया।
थाना प्रभारी प्रियेश जान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुँच गया था। सभी घायलों को अस्पताल पहुँचाने के साथ ही उनके परिजनों को इस अप्रिय घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कानूनी जाँच शुरू कर दी है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments