राजधानी में भारी बारिश से जलभराव: बेघर हुए सैकड़ों परिवारों का सहारा बना नगर निगम, भोजन और सुरक्षित आश्रय का किया पुख्ता इंतजाम.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर। राजधानी में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।
शहर के कई निचले इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। संकट की इस परिस्थिति में रायपुर नगर निगम प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद के लिए मुस्तैदी से मैदान में उतर आया है। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के स्पष्ट निर्देशों के बाद राहत कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं।
निगम के जोन 6 के तहत भाठागांव स्थित केसरी बगीचा में पानी भर जाने से कई लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलभराव के चलते बेघर हुए 8 प्रभावित परिवारों को सुरक्षित निकालते हुए पास के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन में बनाए गए आश्रय स्थल में शिफ्ट किया गया है। प्रशासन की तरफ से इन सभी परिवारों के लिए नियमित रूप से सुबह के नाश्ते के साथ-साथ दोपहर और रात के भोजन की पूरी व्यवस्था की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर, जोन 8 के अंतर्गत आने वाले चंदनीडीह इलाके में हालात अधिक गंभीर देखने को मिले हैं, जहां भारी बारिश के चलते लगभग 152 परिवार प्रभावित हुए हैं। एहतियात के तौर पर इन सभी परिवारों को स्थानीय पार्षद कार्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और सरकारी स्कूल परिसर में सुरक्षित ठहराया गया है। यहां भी सभी लोगों के लिए तीनों समय (नाश्ता, लंच और डिनर) के भोजन के पैकेट्स का नियमित वितरण किया जा रहा है।

राहत शिविरों की इस पूरी व्यवस्था और भोजन वितरण की सतत मॉनिटरिंग जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा और सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल द्वारा की जा रही है, ताकि किसी भी प्रभावित व्यक्ति को कोई असुविधा न हो।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments