बेंगपाल में स्वास्थ्य शिविर: 8 किमी का दुर्गम सफर तय कर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 106 ग्रामीणों की की जांच...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर, 5 अक्टूबर 2026 दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला पहाड़ियों के अंतिम छोर पर स्थित अतिसंवेदनशील और पहुंचविहीन ग्राम बेंगपाल में स्वास्थ्य सेवाओं की एक अनूठी तस्वीर सामने आई है। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत स्वास्थ्य विभाग के अमले ने लगभग 8 किलोमीटर का दुर्गम और पथरीला रास्ता पैदल तय कर गांव तक पहुंच बनाई। प्रशासनिक और चिकित्सीय टीम ने गांव में ही पेड़ की छांव के नीचे स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों का चिकित्सीय परीक्षण किया।

शिविर के दौरान कुल 106 स्थानीय ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। मलेरिया नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए शिविर में पहुंचे सभी ग्रामीणों की विशेष रूप से स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त, 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) और ब्लड शुगर की जांच की गई। गर्भवती महिलाओं का पंजीयन करने के साथ-साथ बच्चों का नियमित टीकाकरण भी सुनिश्चित किया गया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों के नेत्र परीक्षण किए। इस दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित मिले मरीजों की पहचान कर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देते हुए पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के तहत कार्ड तैयार किए गए।

दुर्गम भौगोलिक चुनौतियों और रास्तों के बावजूद स्वास्थ्य अमले की इस पहल से दूरस्थ अंचल के लोगों को उनके ही गांव में चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के अंदरूनी और दूरदराज के क्षेत्रों में इस तरह के शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को लगातार मजबूत किया जाए।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments