हरलीन देओल ने रायपुर में हॉकी खिलाड़ियों को दिए सफलता के मूल मंत्र, कहा- अनुशासन और मेहनत से ही तय होती है मंजिल...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
रायपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी हरलीन देओल ने हाल ही में राजधानी रायपुर की आवासीय हॉकी अकादमी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अकादमी के युवा खिलाड़ियों से खुलकर बातचीत की और अपने खेल जीवन के खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी को अपने बीच पाकर युवा खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

यह प्रेरणादायक मुलाकात राज्य शासन और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की विशेष पहल पर आयोजित की गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य उभरते खिलाड़ियों को बड़े मंच के लिए तैयार करना और उनका मनोबल बढ़ाना था।

मेहनत और आत्मविश्वास है सफलता की कुंजी -
खिलाड़ियों से संवाद करते हुए हरलीन ने कहा कि अकादमी में मिल रही बेहतरीन सुविधाओं, उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए जी-जान से जुट जाएं।

उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए साझा किया कि खेल के मैदान पर कामयाबी शॉर्टकट से नहीं, बल्कि लगातार अभ्यास, धैर्य और अनुशासन से मिलती है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे मैदान पर अपनी कमजोरियों को पहचानें और हर दिन खुद को बेहतर बनाने का प्रयास करें।
जनजातीय क्षेत्रों के हुनर को मिला नया संबल -
रायपुर की इस आवासीय अकादमी में राज्य के दूर-दराज के जनजातीय अंचलों से आए कई प्रतिभाशाली बच्चे भी प्रशिक्षण ले रहे हैं। अपने घरों से दूर रहकर पसीना बहा रहे इन नौनिहालों के लिए हरलीन देओल की यह मुलाकात किसी बड़े टॉनिक से कम नहीं रही। हरलीन ने बच्चों को समझाया कि शुरुआती संसाधन या भौगोलिक दूरियां कभी भी बड़े सपनों के आड़े नहीं आतीं, यदि हौसले बुलंद हों।
कार्यक्रम के अंत में हरलीन ने सभी खिलाड़ियों के साथ वक्त बिताया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाएं। इस आयोजन में खेल विभाग के अधिकारी शिवराज साहू, हॉकी कोच रश्मि तिर्की और सॉफ्टबॉल कोच टी.एन. रेड्डी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाया।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments