राज्यपाल बोले - छत्तीसगढ़ में सुशासन का नया दौर शुरू होगा.....
ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
छत्तीसगढ़ में सत्ता बदलाव के बाद भारतीय जनता पार्टी के हाथ में राज्य की कमान आई है। विधानसभा सत्र के दूसरे दिन राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन ने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्श सिद्धांतों के अनुसार सुशासन का नया दौर प्रारंभ करने के लिए मेरी सरकार संकल्पबद्ध है। राज्यपाल हरिचंदन ने विधानसभा में अपने अभिभाषण में कहा कि राज्य में दो चरणों में विधानसभा चुनाव हुए, जो सदस्य जीत कर आए हैं उन्हें मेरी बधाई। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई और कहा आप सभी ने जनता और मतदाताओं को विश्वास जीता है, सदन में स्थान अर्जित किया है, मुझे विश्वास है कि जनता की आकांक्षाओं और उम्मीद को पूरा करने के लिए आप जी जान से जुट जाएंगे।
विधानसभा चुनाव में नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में मतदान के अच्छे आंकड़े सामने आने पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए ग्रामीण और वनांचल में रहने वाली जनता का मनोबल मजबूत हुआ है। मुझे विश्वास है कि इस सदन के सदस्यों के बीच सौहार्द और सम्मानजनक रिश्तों से इस पवित्र सदन का मान बढ़ाने के लिए सभी तत्पर रहेंगे। दोनों पक्षों को मिलकर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से और आदर्श संसदीय परंपराओं से प्रदेश के विकास के रथ को आगे बढ़ाना है। राज्यपाल ने आगे कहा के प्रदेश में अभी भी ऐसे अनेक वर्गों के लोग हैं जिन्हें सामाजिक आर्थिक विकास के लिए विशेष सहायता की आवश्यकता है।अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिला, युवा, किसान, वन आश्रितों, ग्रामीण और परंपरागत व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए विशेष संवेदनशीलता अपेक्षित है। ऐसे सभी वर्ग मेरी सरकार की प्राथमिकता में रहेंगे।
राज्य में सुशासन का नया दौर शुरू होने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के निर्माता भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्श सिद्धांतों के अनुसार राज्य में सुशासन का नया दौर प्रारंभ करने के लिए मेरी सरकार संकल्पबद्ध है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि मेरी सरकार जनता से किए गए वादे पूरे करने के लिए समुचित उपाय करेगी। मंत्री परिषद की पहली बैठक में प्रधानमंत्री आवास के तहत लंबित 18 लाख घरों के निर्माण का निर्णय का वादा प्रदेश की जनता से किया था। मुझे खुशी है कि यह वादा निभाने का निर्णय लिया गया है।
सरकार के वादों का जिक्र करते हुए राज्यपाल हरिचंदन ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए विभिन्न वादों को पूरा करने की दिशा में समुचित कदम मेरी सरकार उठाएगी। धान खरीदी के दो वर्षों के लंबित बोनस का भुगतान, कृषक उन्नति योजना, दीनदयाल उपाध्याय कृषि मजदूर कल्याण योजना, महतारी वंदन योजना, घर-घर निर्मल जल अभियान, रानी दुर्गावती योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण दर 5500 प्रति मानक बोरा करने, साढ़े चार हजार रुपए तक बोनस, चरण पादुका एवं अन्य सुविधा पुन प्रारंभ करने जैसे घोषणा पत्रों के मुद्दों पर परीक्षण व निर्णय की समयबद्ध प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
मेरी सरकार में महिलाओं और युवाओं ने अटूट विश्वास व्यक्त किया है। विश्वास के सिलसिले को आगे और बढ़ाने के लिए महिलाओं और युवाओं का सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसी क्रम में रिक्त शासकीय पदों पर समयबद्ध और पारदर्शिता से भर्ती, पीएससी प्रकरण की जांच, सभी प्रमुख परीक्षाओं की प्रक्रिया यूपीएससी की तर्ज पर सुव्यवस्थित करने, छात्र-छात्राओं के लिए मासिक ट्रैवल एलाउंस, हर संभाग में एम्स की तर्ज पर छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस, हर लोकसभा क्षेत्र में आईआईटी की तर्ज पर छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी के निर्माण की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने जाएंगे। राज्यपाल हरिचंदन ने भरोसा दिलाया कि मेरी सरकार प्रदेश के विकास और आम जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में पूरे मनोयोग से काम करेगी। सेवा, सुशासन, सुरक्षा, विकास के साथ ही सभी के जीवन स्तर के उन्नयन के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)





Comments