गन्ने का समर्थन मूल्य ₹425 प्रति क्विंटल होने पर किसानों में जश्न, डिप्टी सीएम विजय शर्मा का स्वागत...
बोड़ला सर्किट हाउस में उमड़े किसान, बोले- लागत निकालने में मिलेगी बड़ी मदद, आय भी बढ़ेगी...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
रायपुर, कबीरधाम जिले के गन्ना किसानों के चेहरे पर इन दिनों खुशी साफ झलक रही है। गन्ने का दाम 425 रुपये प्रति क्विंटल तय किए जाने से क्षेत्र के कृषि जगत में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में आज बोड़ला सर्किट हाउस में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय किसानों ने मिलकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान किसानों ने उन्हें गन्ने का पौधा भेंट कर अपनी खुशी साझा की और इस किसान हितैषी फैसले के लिए सरकार के प्रति दिल से आभार जताया।

अन्नदाताओं ने बातचीत में बताया कि 425 रुपये प्रति क्विंटल का यह भाव मिलने से आर्थिक संबल मिलेगा। खेती में आने वाली लागत की भरपाई आसानी से हो सकेगी और किसानों की आमदनी में भी सकारात्मक सुधार होगा। बेहतर दाम मिलने से कृषि कार्य के प्रति रुझान बढ़ेगा और ज्यादा लोग इस नकदी फसल की ओर आकर्षित होंगे।
किसानों ने इस बात पर जोर दिया कि पसीने की सही कीमत मिलना हर मेहनतकश का हक होता है और यह निर्णय उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया है।

इन लोगों ने जताया आभार -
बोड़ला सर्किट हाउस में आयोजित इस अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान भारतीय किसान संघ कवर्धा के जिला उपाध्यक्ष दिनेश चंद्रवंशी और बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष पंकज वर्मा की अगुवाई में किसानों ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर विनोद वर्मा, महेश वर्मा, टीकाराम साहू, तुलश धुर्वे, प्रदुम्न वर्मा और रामफल वर्मा समेत कई किसान उपस्थित रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक फैसले के लिए आभार प्रकट किया।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments