धरसीवां: 'आंगन उत्सव' में गूंजी बच्चों की किलकारी, विधायक अनुज शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का किया सम्मान...

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा 'न्योता भोज', विधायक ने स्वयं बच्चों को परोसा भोजन।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा- "आंगनबाड़ी बहनें कर्मचारी नहीं, समाज की असली 'राष्ट्र निर्माता' हैं।"
धरसीवां का कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो, यही हमारा संकल्प है।
पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
सिलयारी (धरसीवां): राष्ट्रीय 'सेवा संकल्प अभियान' (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) के अंतर्गत आज धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिलयारी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-06 (बोहरही धाम मंडल) में 'आंगन उत्सव' का भव्य और गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस विशेष कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अनुज शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
'न्योता भोज' रहा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण -
इस गरिमामय कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 'न्योता भोज' रहा। विधायक अनुज शर्मा ने बेहद आत्मीयता दिखाते हुए स्वयं अपने हाथों से बच्चों को भोजन परोसा। बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत करते हुए विधायक ने उन्हें दुलार किया। विधायक को अपने इतने करीब पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और यह पल पूरे आयोजन का सबसे खूबसूरत दृश्य बन गया।
आंगनबाड़ी बहनें समाज की असली 'राष्ट्र निर्माता' -
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा, "17 सितंबर से शुरू हुए इस 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आज जब मैं आप सभी बहनों के बीच आया हूं, तो मुझे एक अद्वितीय आत्मीयता और ऊर्जा का अहसास हो रहा है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए भावुक शब्दों में कहा, "आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका बहनें केवल कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि वे हमारे समाज की असली 'राष्ट्र निर्माता' हैं। जब एक मां अपने बच्चे को पहली बार किसी सुरक्षित हाथ में सौंपती है, तो वो हाथ हमारी आंगनबाड़ी बहनों का होता है।"
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का योगदान किसी तपस्या से कम नहीं -
विधायक ने आगे कहा, "समाज की नींव को मजबूत करने का जो निस्वार्थ भाव आपके भीतर है, उसे मैं नमन करता हूं। हमारा यह 'आंगन उत्सव' केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि आपके इसी समर्पण और त्याग के प्रति हमारी कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। बच्चों की पहली मुस्कान, उनका पहला खेल और उनके जीवन का पहला अक्षर आपकी ही देखरेख में निखरता है। आपका यह योगदान किसी तपस्या से कम नहीं है।"
कुपोषण मिटाने और योजनाओं को धरातल पर उतारने का संकल्प -
योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर विधायक अनुज शर्मा ने कहा, "हमारी सरकार पूरी निष्ठा से महिला एवं बाल विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा यह दृढ़ संकल्प है कि धरसीवां विधानसभा का कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो और हर मां-बच्चे तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचे।" उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय का आह्वान करते हुए कहा, "आइए, इस 'सेवा संकल्प अभियान' के माध्यम से हम सब मिलकर अपने क्षेत्र से कुपोषण को दूर भगाने, हर बच्चे को एक उज्ज्वल भविष्य देने और अपने क्षेत्र के हर वर्ग के उत्थान के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लें।"
खेलकूद से होता है बच्चों का सर्वांगीण विकास -
उत्सव के दौरान वितरित उपहारों का उद्देश्य बताते हुए विधायक ने कहा, "आज बच्चों के बीच जो खेलकूद सामग्री और उपहार बांटे गए हैं, उनका उद्देश्य यही है कि हमारे गांव के बच्चे हर क्षेत्र में आगे बढ़ें, स्वस्थ रहें और पढ़ें-लिखें। बचपन में खेलकूद केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह बच्चों में अनुशासन, स्वस्थ शरीर और टीम भावना का विकास करता है।"
वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति -
इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा के साथ भाजपा जिला संगठन प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम कुमार नारंग, पिछड़ा वर्ग आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकांती वर्मा, सविता चंद्राकर, बोहरही धाम मंडल अध्यक्ष हरि शंकर वर्मा, महामंत्री रूखमणी शिवारे, अशोक साहू, रूखमणी साहू, मधुसूदन कश्यप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, आंगनबाड़ी स्टाफ, प्रबुद्ध नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments