संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रही कांग्रेस, राहुल गांधी के दावे फिर निकले झूठे: मीनल चौबे.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर। रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया है। एकात्म परिसर में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को सत्ताधारी दल की ‘कठपुतली’ बताने वाले राहुल गांधी एक बार फिर गलत साबित हुए हैं। निर्वाचन आयोग की हालिया बैठक और उसके बाद जारी संयुक्त प्रेस नोट ने विपक्ष के फैलाए सभी झूठ और भ्रम की पोल खोल दी है, जिससे सच्चाई जनता के सामने आ गई है।
मीनल चौबे ने स्पष्ट किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. एस. एस. संधू व डॉ. विवेक जोशी की बैठक में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) सहित सभी अहम फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष एक अंग्रेजी अखबार की काल्पनिक रिपोर्ट के आधार पर जो भ्रम फैला रहा है, वह पूरी तरह निराधार है। कैबिनेट सेक्रेटरी को लिखा गया पत्र आयोग के किसी नीतिगत मामले या चुनाव प्रक्रिया से नहीं जुड़ा था, बल्कि वह प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर आए एक अधिकारी के प्रशासनिक कार्य तक सीमित एक आंतरिक मामला था।
कांग्रेस पर हताशा का आरोप लगाते हुए महापौर ने कहा कि जब भी विपक्ष को जनता नकार देती है, तो अपनी खीझ मिटाने के लिए वह ईवीएम, सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करने लगता है। उन्होंने याद दिलाया कि फॉर्म-6 के घोषणा पत्र को सर्वोच्च न्यायालय पहले ही वैध ठहरा चुका है।
मीनल चौबे ने कहा कि हाल ही में जिन भी राज्यों में चुनाव हुए, वे पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए हैं। निर्वाचन आयोग के स्पष्टीकरण के बाद विपक्ष का दुर्भावनापूर्ण प्रोपेगेंडा बेनकाब हो चुका है। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को अपनी इस तथ्यहीन राजनीति के लिए देश और संवैधानिक संस्थाओं से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments