छत्तीसगढ़ कोल लेवी घोटाला: 3 अक्टूबर को EOW पेश करेगी फाइनल चार्जशीट, 35 आरोपियों पर कसेगा शिकंजा.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर: प्रदेश के बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाले में अब जल्द ही एक बड़ा पर्दाफाश होने वाला है। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने इस पूरे मामले की जांच लगभग पूरी कर ली है और अब एजेंसी अपने अंतिम मुकाम पर है।
मिली जानकारी के मुताबिक, आगामी 3 अक्टूबर को EOW द्वारा विशेष अदालत में इस महाघोटाले की फाइनल चार्जशीट दाखिल की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि इस अंतिम आरोप पत्र में करीब 35 लोगों को आरोपी बनाया जा सकता है। इसके अलावा, जिन संदिग्धों को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, उन पर भी जांच एजेंसी की नजर बनी हुई है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
विधायक देवेंद्र यादव से भी हुए सवाल-जवाब -
कड़ियों को जोड़ने की इसी कवायद में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को भी EOW कार्यालय तलब किया गया था। अधिकारियों ने उनसे करीब दो घंटे तक मामले के अलग-अलग पहलुओं को लेकर सघन पूछताछ की। जांच एजेंसी का मुख्य लक्ष्य इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका और पैसों के लेन-देन (मनी ट्रेल) को पूरी तरह से स्पष्ट करना है।
क्या था कोल लेवी का यह पूरा खेल ?
गौरतलब है कि इस पूरे सिंडिकेट और घोटाले की समानांतर जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, जुलाई 2020 से लेकर जून 2022 तक प्रदेश में कोयला ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों से प्रति टन 25 रुपये की अवैध लेवी (टैक्स) वसूली गई। इस काले खेल को अंजाम देने के लिए बाकायदा एक सोची-समझी साजिश के तहत माइनिंग विभाग के ऑनलाइन परमिट सिस्टम को बंद करके उसे ऑफलाइन कर दिया गया था। इसके बाद एक खास सिंडिकेट ने पूरी व्यवस्था पर अपना कब्जा जमा लिया और कोयला परिवहन से जुड़े लोगों से संगठित तरीके से करोड़ों की अवैध उगाई की।
EOW की फाइनल चार्जशीट अदालत में पेश होने के बाद इस मामले में कई और बड़े चेहरों के बेनकाब होने की उम्मीद है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments